
मुख्यमंत्री ने प्रकाशपर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं
जनपत की खबर Oct 30, 2024 at 01:06 PM , 171इस वर्ष दीपावली का पर्व ऐतिहासिक और अभूतपूर्व, अयोध्याधाम में भगवान श्रीरामलला की पावन जन्मभूमि पर बने नव्य-भव्य-दिव्य मन्दिर में भी असंख्य दीप प्रज्ज्वलित होंगे
लखनऊ : 30 अक्टूबर, 2024
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रकाशपर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की है।
आज यहां जारी एक शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दीपावली का पर्व भारत की सनातन धर्म की परम्परा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के उपरान्त अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारम्भ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखण्ड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजा करके इस पर्व को मनाना प्रारम्भ किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस वर्ष दीपावली का पर्व ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। भगवान श्रीरामलला 500 वर्षों की लम्बी प्रतीक्षा के बाद अपने धाम में विराजमान हुए हैं। अयोध्याधाम में भगवान श्रीरामलला की पावन जन्मभूमि पर बने नव्य-भव्य-दिव्य मन्दिर में भी असंख्य दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या उत्तर प्रदेश में है। राज्य सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परम्परा को ‘दीपोत्सव‘ के आयोजन के माध्यम से पुनर्प्रतिष्ठित कर, सम्पूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है।
--------
Comments