अगस्त माह में आबकारी विभाग द्वारा 7.74 करोड़ रुपये मूल्य की 2.44 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई
अन्य खबरे Sep 03, 2024 at 02:53 PM , 224360 व्यक्तियों को भेजा गया जेल
हरियाणा राज्य की सीमा से लगे हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में 06 अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित
-श्री नितिन अग्रवाल
उत्तर प्रदेश में माह अगस्त 2024 में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध कुल 9,854 अभियोग पंजीकृत करते हुए 2.44 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गयी, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 7.74 करोड़ रुपये है। इस कार्यवाही में 2,117 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया एवं 360 व्यक्तियों को जेल भेजा गया। साथ ही अवैध मदिरा की तस्करी में संलिप्त 32 वाहनों को भी जब्त किया गया।
यह जानकारी प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नितिन अग्रवाल ने दी है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में हरियाणा राज्य में विधान सभा सामान्य निर्वाचन- 2024 के दृष्टिगत हरियाणा राज्य की सीमा से लगे हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में 06 अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित कर अन्तर्राज्यीय मदिरा की तस्करी को रोके जाने हेतु लगातार चेकिंग कार्य कराया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन कार्यवाही जारी रहेगी ।
आबकारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार चेकिंग एवं छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में 29 अगस्त को जनपद लखनऊ के थाना आशियाना के सेक्टर-ओ, मानसरोवर क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए अवैध रूप से टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ तथा अवैध रूप से तस्करी की गई स्प्रिट को योजनाबद्ध तरीके से आबकारी विभाग द्वारा छापेमारी कर पकड़ा गया। इस कार्यवाही में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए 08 ड्रमों में लगभग 1600 लीटर स्प्रिट तथा टैंकर व दो ड्रमों से 12000 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद करते हुए, दो छोटे कमर्शियल वाहन, एक टैंकर (पेट्रोलियम पदार्थ युक्त) व एक दो पहिया वाहन पकडे गये। इसके अतिरिक्त लखनऊ में ही अल्लू नगर डगरिया थाना सैदपुर में छापेमारी कर 11 ड्रमों में लगभग 2080 लीटर स्प्रिट व 06 ड्रमों में लगभग 880 लीटर पैट्रोलियम पदार्थ बरामद कर एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया।
आबकारी मंत्री ने बताया कि जनपद गोण्डा में 29 अगस्त को थाना कोतवाली नगर अंर्तगत गोंडा बहराइच रोड पर स्थित विभोर ग्राम में बने एक कमरे से कुल 2125 लीटर एथेनॉल बरामद किया गया। इस कार्यवाही में 01 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के साथ- साथ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में भी अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की गई।



























Comments