वोट के राम

संपादकीय , 283

आज राम आएंगे, क्या वोट भी लाएंगे , इतना आसान नहीं है BJP के लिए आगे का सफर ,यह सोचना कि राम मन्दिर से वोट मिल जायेगा बहुत मुश्किल है भगवा की सोच राम मंदिर को लेकर सारी तैयारी कर ली गई है। आज प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होने जा रहा है। अब जिस तरह से और जिस स्तर पर उस कार्यक्रम को लेकर आयोजन किया जा रहा है, उसके सियासी मायने निकलना लाजमी है। लोकसभा चुनाव बिल्कुल नजदीक है, ऐसे में मंदिर पॉलिटिक्स के जरिए भी BJP इंडिया गठबंधन को घेरना चाहती है। अब तो वैसे भी कई विपक्षी दलों ने क्योंकि इस मंदिर कार्यक्रम से दूरी बना ली है, ऐसे में BJP काफी आसानी से उन्हें हिंदू विरोधी बता कर एक विशेष वर्ग को अपने पाले में करना चाहती है। अब BJP इस मंदिर पॉलिटिक्स की राह पर जरूर चली है, लेकिन उसका ये मानकर चलना कि इसी राम मंदिर के जरिए उसे 400 प्लस सीटें मिल जाएंगी, ये गलत है। नेरेटिव अपनी जगह लेकिन जो तथ्य हैं, वो कुछ अलग ही कहानी बयां करते हैं। ये बात अब जग जाहिर हो चुकी है कि हिंदी पट्टी राज्यों में BJP विपक्ष के मुकाबले ज्यादा मजबूत स्थिति में है। बात चाहे 2014 के चुनाव की हो या फिर 2019 के लोकसभा चुनाव की, पार्टी ने हिंदी भाषी राज्यों में एक तरह से क्लीन स्वीप किया था। अगर हिंदी पट्टी राज्यों के साथ दक्षिण के कर्नाटक को भी जोड़ लिया जाए तो BJP ने 2019 के चुनाव में 211 सीटें अपने नाम की थी। 2014 में ये आंकड़ा 210 सीटों का था। लेकिन बड़ा खेल ये रहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में BJP का वोट शेयर 12 फिसदी के करीब बढ़ गया, लेकिन सीटों में बढ़ोतरी सिर्फ एक रही। अब यही BJP की सबसे बड़ी चिंता भी है, उसे भी इस बात का एहसास है कि बढ़े हुए वोट बैंक का मतलब ये नहीं कि सीटों में भी उतना ही इजाफा हो जाएगा।
जानकार तो यहां तक मानते हैं कि हिंदी भाषी राज्यों में BJP ने पहले 14 और फिर 19 के चुनाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दिया है, यानी कि सुधार की गुंजाइश न के बराबर चल रही है। वहीं दूसरी बात ये है कि मंदिर पॉलिटिक्स का सबसे ज्यादा असर भी इन्हीं हिंदी भाषा राज्यों में दिखता है, ऐसे में BJP को किस तरह से इस हिंदुत्व की राजनीति से फायदा मिलेगा, इसका जवाब अभी देना मुश्किल है। BJP को ये समझना भी जरूरी है कि वो उत्तर प्रदेश में सारी 80 की 80 सीटें जीतने का दावा जरूर कर रही है,लेकिन जमीनी हकीकत और वोटिंग पैटर्न उसके लिए चुनौतियां पेश कर रहे हैं।असल में 2019 के लोकसभा चुनाव में BJP का UP में 8 फीसदी के करीब वोट शेयर बढ़ गया था। उसने 50% का बेंचमार्क छू लिया था, लेकिन हैरानी इस बात की रही कि इस प्रचंड वोट शेयर के बाद भी उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 2014 की तुलना में 9 सीटों का नुकसान हुआ।
वैसे BJP समर्थक कहते हैं कि इस अयोध्या में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के जरिए दक्षिण की राजनीति को भी पार्टी साधने की कोशिश करेगी। PM मोदी भी जिस तरह से पिछले कुछ दिनों में लगातार दक्षिण भारत के दौरे पर हैं, उनकी तरफ से जिस तरह से अलग-अलग मंदिरों का दौरा किया जा रहा है, रणनीति साफ पता चल रही है। लेकिन यहां भी आंकड़ों वाली हकीकत BJP की राह को मुश्किल कर रही है। दक्षिण से कुल 130 सीटें लोकसभा की निकलती हैं, पिछली बार BJP को इन्हीं 130 सीटों में से मात्र 29 पर संतुष्ट करना पड़ गया था। वहां भी कर्नाटक से ही उसे अकेले 25 सीटें मिली थीं।
इस बार BJP तमिलनाडु में कुछ सीटें जीतने की कोशिश कर रही है, लेकिन पार्टी की राजनीति और तमिलनाडु का सियासी मिजाज कभी भी मेल नहीं खाता है। ऐसा नहीं है कि तमिलनाडु में या केरल में धर्म के लिए कोई जगह नहीं, वहां भी कई राम मंदिर हैं, वहां पर हिंदुओं के कई धार्मिक स्थल हैं, लेकिन जिस तरह से धर्म की राजनीति को उत्तर भारत में तवज्जो दी जाती है, वैसा हाल तमिलनाडु या फिर केरल में देखने को नहीं मिलता है। बात अगर अकेले तमिलनाडु की हो तो वहां पर जिस तरह से कई सामाजिक आंदोलन चलाए गए, जिस तरह से द्रविड़ आंदोलन को धार दी गई, उसने भी वहां के लोगों के लिए धर्म वाली राजनीति को कम सक्रिय कर दिया था। इसी वजह से BJP जब भी तमिलनाडु में मंदिर पॉलिटिक्स का जिक्र करती है या फिर हिंदुत्व वाली राजनीति के नाम पर वोट मांगने की कोशिश करती है, वहां की जनता उसे नकार देती है। ऐसे में मंदिर पॉलिटिक्स के जरिए इस बार दक्षिण में पार्टी कितना बड़ा उलट फिर कर पाएगी, इसे लेकर जानकारों के मन में ही कई प्रकार के संशय हैं▪️

Related Articles

Comments

Back to Top