अलीगढ़ में 'कंप्यूटर लैब' उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न
जनपत की खबर Jan 05, 2024 at 02:20 PM , 167लखनऊ 05 जनवरी 2024
आज धर्म समाज महाविद्यालय, अलीगढ़ में 'कंप्यूटर लैब' उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री ,उच्च शिक्षा विभाग योगेन्द्र उपाध्याय ने माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म समाज महाविद्यालय में आकर मुझे अत्यंत सुखद अनुभूति हो रही है और मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह कंप्यूटर लैब भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे डिजिटल इंडिया मिशन एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को मजबूती प्रदान करेगा तथा विद्यार्थियों में शैक्षिक कौशल के साथ-साथ तकनीकी एवं प्रौद्योगिकी कौशल के विकास में केंद्रीय भूमिका निभाएगा। वर्तमान सरकार विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल के विकास हेतु प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि वर्तमान जीवन की सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए आज तकनीकी कुशलता के साथ संस्कार युक्त शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने सन 2015 में डिजिटल भारत मिशन की शुरुआत की। यह कार्यक्रम आज नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इस मिशन को सफल बनाने हेतु सरकार द्वारा उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे अधिकाधिक विद्यार्थियों को स्मार्टफोन एवं लैपटॉप वितरण का कार्य भी किया जा रहा है। सरकार की इन योजनाओं से तकनीकी एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कुशल एवं सशक्त भारतीय नागरिकों का निर्माण संभव हो सकेगा, जो विकसित भारत की मजबूत नींव रखेगा और इस स्वप्न को साकार भी करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मैं इस ऐतिहासिक संस्थान के विकास हेतु सदैव यथासंभव सहयोग प्रदान करता रहूंगा। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षक/ शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।































Comments