लखनऊ में अशोक लेलैंड की ईवी यूनिट का उद्घाटन, राजनाथ सिंह बोले—विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर जाएगा
लखनऊ Jan 09, 2026 at 09:05 PM , 116लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को अशोक लेलैंड कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) निर्माण की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह ईवी यूनिट उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। यह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को स्वच्छ, हरित परिवहन और भविष्य की तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह संयंत्र प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा, साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी आधुनिक तकनीकों में स्किल डेवलपमेंट का भी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसका मार्ग उत्तर प्रदेश से होकर ही जाएगा। उन्होंने कहा, “विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर जाता है।”
राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधि के रूप में निवेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि लखनऊ की धरती सभी को अपनाने और पूरा सहयोग देने के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य और अपराध की पहचान से जुड़ा माना जाता था, आज वहीं बड़े-बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित हो रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश आर्थिक विकास का प्रतीक बन चुका है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। फॉर्च्यून-500 कंपनियों का प्रदेश में आगमन मुख्यमंत्री योगी की प्रभावी औद्योगिक नीति का परिणाम है। रक्षा क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश सेना के लिए गोला-बारूद, एयरक्राफ्ट और ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलों का निर्माण कर रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जिस परियोजना को पूरा होने में 60 महीने लगने थे, उसे महज 18 महीनों में पूरा कर लिया गया। इसके लिए हिंदुजा ग्रुप, अशोक लेलैंड और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य का परिवहन हैं और आने वाले समय में पेट्रोलियम आधारित वाहनों की संख्या धीरे-धीरे कम होती जाएगी। ऐसे में उत्तर प्रदेश में यह ईवी यूनिट स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ भविष्य की तकनीक में देश को नई दिशा देगी।
उन्होंने कहा कि इस संयंत्र के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं का स्किल डेवलपमेंट होगा, जिससे वे आने वाले समय में रोजगार और बेहतर आय के लिए तैयार हो सकेंगे। रक्षा मंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार ने पिछले 11 वर्षों में देशभर में सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिस गति से भारत आर्थिक प्रगति कर रहा है, वह दिन दूर नहीं जब देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे।































Comments