मतदाता सेवाओं को आसान बनाने के लिए ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू
लखनऊ Jan 09, 2026 at 08:45 PM , 76लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सेवाओं को और अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के माध्यम से कोई भी मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से सीधे बातचीत के लिए फोन कॉल बुक कर सकता है।
यह सेवा मतदाता सूची तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और सहायता लेने के लिए अत्यंत उपयोगी है। मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या ECINET ऐप पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉग-इन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यदि मोबाइल नंबर पहले से पंजीकृत नहीं है, तो Sign Up कर मोबाइल नंबर, ओटीपी और नाम भरकर पंजीकरण करना होगा।
लॉग-इन करने के बाद ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ विकल्प पर जाकर EPIC नंबर या रिफरेंस नंबर के माध्यम से खोज की जा सकती है। खोज करने पर मतदाता का नाम, मतदेय स्थल तथा संबंधित बीएलओ का विवरण उपलब्ध हो जाएगा। इसके पश्चात मोबाइल नंबर और ओटीपी भरकर ‘रिक्वेस्ट कॉल बैक’ विकल्प चुनते ही कॉल बुक हो जाएगी।
कॉल बुक होने के 48 घंटे के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से फोन पर संपर्क करेंगे। जिन मतदाताओं के पास EPIC नंबर उपलब्ध नहीं है, वे अपने राज्य, जनपद, विधानसभा क्षेत्र और बूथ की जानकारी भरकर भी इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क करें।































Comments