उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने त्रिदिवसीय रामायण मेला का किया उद्घाटन, कटरा रामलीला के सौंदर्यीकरण का दिया आश्वासन

लखनऊ , 180

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को श्री कटरा रामलीला कमेटी के प्रांगण में अखिल भारतीय रामायण मेला समिति, प्रयागराज के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय रामायण मेला का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम एवं माता सीता के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के पश्चात उपमुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत के माध्यम से उपमुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने रामायण मेला समिति के श्री हरिचैतन्य जी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा रामायण मेला की वार्षिक पत्रिकाओं का भी विमोचन किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कटरा रामलीला मंदिर को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने इसके सौंदर्यीकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कटरा रामलीला की भव्यता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज तीर्थों का राजा है, जहां हर 12 वर्ष में कुंभ, छह वर्ष में अर्धकुंभ तथा प्रतिवर्ष माघ मेला का आयोजन होता है। इन आयोजनों में देश-विदेश से श्रद्धालु कल्पवास के लिए आते हैं। प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक महिमा अद्वितीय है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामचरितमानस का अध्ययन कर उसके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में तीर्थ स्थलों का बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार किया गया है, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन का एक नया केंद्र बनकर उभरा है।
महाकुंभ-2025 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, जो कई देशों की जनसंख्या से भी अधिक है। इसका सफल और सुरक्षित आयोजन एक मिसाल बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ प्रयागराज का भी चहुंमुखी विकास हुआ है।
इस अवसर पर विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, अवधेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top