लखनऊ में बनेगा पीसीएस भवन, संघ कार्यालय और गेस्ट हाउस की मिलेगी सुविधा
लखनऊ Jan 07, 2026 at 11:25 AM , 137लखनऊ।
लखनऊ में पीसीएस अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीसीएस भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन में पीसीएस संघ का कार्यालय तथा गेस्ट हाउस की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश में यह अपनी तरह की पहली पहल है।
पीसीएस संघ के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने इस संबंध में एक पत्र जारी कर सभी पीसीएस अधिकारियों को जानकारी दी है। उल्लेखनीय है कि अब तक लखनऊ में पीसीएस संघ का कोई स्थायी कार्यालय या गेस्ट हाउस नहीं था। शासकीय कार्यों से अधिकारियों को अक्सर सचिवालय या न्यायालय आना पड़ता है, लेकिन रात्रि विश्राम के लिए उन्हें निजी स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ती थी। कार्यालय के अभाव में संघ की गतिविधियों के संचालन में भी कठिनाइयाँ आती थीं। इन परिस्थितियों को देखते हुए राजधानी लखनऊ में पीसीएस भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
इस दिशा में पहल करते हुए अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने लगभग दो एकड़ भूमि के चयन के लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इसी माह भूमि क्रय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भूमि का क्रय पीसीएस अधिकारियों के सहयोग से एकत्र की गई धनराशि से किया जाएगा।
इस निर्णय से पीसीएस अधिकारियों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। शीघ्र ही राजधानी लखनऊ में पीसीएस संघ का अपना कार्यालय और गेस्ट हाउस साकार रूप लेगा।































Comments