कार चालकों को बड़ी राहत: 1 फरवरी 2026 से नए FASTag के लिए KYV प्रक्रिया समाप्त, सक्रियण होगा और आसान
लखनऊ Jan 01, 2026 at 06:05 PM , 150लखनऊ। आम सड़क उपयोगकर्ताओं को राहत देते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कारों (कार/जीप/वैन श्रेणी) के लिए जारी किए जाने वाले नए FASTag पर लागू नो योर व्हीकल (KYV) प्रक्रिया को बंद करने का निर्णय लिया है। यह नया प्रावधान 1 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा।
अब तक FASTag जारी होने के बाद KYV संबंधी औपचारिकताओं के कारण वाहन चालकों को बार-बार असुविधा और देरी का सामना करना पड़ता था। NHAI के इस फैसले से लाखों वाहन मालिकों को सक्रियण के बाद होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।
NHAI ने स्पष्ट किया है कि कारों के लिए पहले से जारी मौजूदा FASTag पर भी अब नियमित रूप से KYV अनिवार्य नहीं होगा। KYV केवल उन्हीं मामलों में आवश्यक होगी, जहां किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, जैसे ढीला FASTag, गलत तरीके से जारी किया जाना या दुरुपयोग से जुड़े मामले। यदि कोई शिकायत नहीं है, तो मौजूदा FASTag उपयोगकर्ताओं को किसी अतिरिक्त KYV प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
सक्रियण से पहले सख्त सत्यापन व्यवस्था लागू
FASTag प्रणाली को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए NHAI ने जारीकर्ता बैंकों के लिए पूर्व-सक्रियण सत्यापन प्रक्रिया को और मजबूत किया है। अब FASTag का सक्रियण केवल VAHAN डेटाबेस से वाहन विवरण के सत्यापन के बाद ही किया जाएगा।
इसके साथ ही सक्रियण के बाद किसी भी प्रकार के सत्यापन की व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। केवल असाधारण परिस्थितियों में, जब वाहन का विवरण VAHAN पर उपलब्ध नहीं होगा, तब ही जारीकर्ता बैंक सक्रियण से पहले पंजीकरण प्रमाणपत्र (RC) के आधार पर सत्यापन कर सकेंगे। इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित बैंक की होगी।
ऑनलाइन माध्यम से बेचे जाने वाले FASTag भी अब तभी सक्रिय किए जाएंगे, जब बैंकों द्वारा सभी आवश्यक सत्यापन पूरे कर लिए जाएंगे।
NHAI का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य FASTag पारिस्थितिकी तंत्र को नागरिक-अनुकूल, तकनीक आधारित और शिकायत-मुक्त बनाना है। सक्रियण से पहले सत्यापन की पूरी जिम्मेदारी जारीकर्ता बैंकों पर डालकर NHAI राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अधिक सहज और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है।































Comments