50 हजार की इनामी महिला तस्कर नसरीन बानों लखनऊ से गिरफ्तार, ब्राउन शुगर तस्करी गिरोह की सरगना थी

लखनऊ , 109

लखनऊ।

10 दिसंबर 2025 को यूपी एसटीएफ ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय गैंग की सरगना और 50,000 रुपये की इनामी अभियुक्ता नसरीन बानों उर्फ बादाम को लखनऊ से गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

गिरफ्तार अभियुक्ता नसरीन बानों, पत्नी मोहम्मद काश अहमद उर्फ मुन्ना उर्फ रईस अहमद, निवासी मोहल्ला खदरा बड़ी पकड़िया, थाना मड़ियांव, लखनऊ है। उसे एसटीएफ ने ग्राम फरीदीपुर, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ से गिरफ्तार किया।

एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि फरार व इनामी अभियुक्ता बहराइच जनपद में दर्ज मुकदमे में वांछित है। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम लखनऊ में अभिसूचना संकलन कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि नसरीन बानों ग्राम फरीदीपुर में मौजूद है। महिला पुलिस को साथ लेकर एसटीएफ टीम ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में नसरीन बानों ने स्वीकार किया कि वह पिछले छह वर्षों से ब्राउन शुगर की तस्करी कर रही है और उसका गिरोह लखनऊ, बहराइच सहित आसपास के जिलों में सक्रिय है। वह मणिपुर से क्रूड मटेरियल मंगवाकर ब्राउन शुगर तैयार करवाती थी और इसे गैंग के सदस्यों के माध्यम से सप्लाई कराती थी।

इसके गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने 17 अक्टूबर 2025 को 3.440 किग्रा ब्राउन शुगर के साथ बहराइच से गिरफ्तार किया था। इसी मामले—मुकदमा संख्या 433/2025, थाना कोतवाली देहात, बहराइच—में नसरीन बानों भी नामजद हुई थी, जिसके बाद उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्ता को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top