विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील, 97.3% डिजिटाइजेशन पूरा
लखनऊ Dec 08, 2025 at 08:57 PM , 37लखनऊ, 08 दिसम्बर 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ तीसरी बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी साझा की और गणना चरण पर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि गणना चरण के दौरान प्रदेश में 97.3 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में लगभग 17.7 प्रतिशत गणना प्रपत्र अनकलेक्टेबल हैं तथा 30 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है। मृत, शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई। राजनीतिक दलों ने गणना चरण की समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध भी किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17.7 प्रतिशत अनकलेक्टेबल मतदाताओं के सत्यापन में राजनीतिक दलों के बीएलए का सहयोग आवश्यक है। जिन बूथों पर बीएलओ कार्य पूर्ण कर चुके हैं, वे उन बूथों के अनकलेक्टेबल मतदाताओं की सूची बीएलए को उपलब्ध कराएंगे। ये सूचियां सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों पर विधानसभा और बूथवार भी उपलब्ध रहेंगी। 12 दिसंबर तक बीएलओ और बीएलए की संयुक्त बैठक कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने प्रवासी मतदाताओं के संबंध में बताया कि ऐसे भारतीय नागरिक, जो रोजगार, शिक्षा, व्यापार या अन्य कारणों से विदेश में रह रहे हैं और किसी दूसरे देश की नागरिकता नहीं लिए हुए हैं, वे गणना प्रपत्र के स्थान पर फॉर्म-6A भरकर मतदाता बन सकते हैं। फॉर्म-6A ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी प्रवासी नागरिक का गणना प्रपत्र न भरें, अन्यथा जांच में त्रुटि पाए जाने पर कार्रवाई हो सकती है। वर्तमान में प्रदेश में 1533 प्रवासी मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि 115 नए फॉर्म-6A प्राप्त हुए हैं। प्रवासी नागरिकों को अपने पासपोर्ट वाले पते का विवरण देना आवश्यक होगा।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, सीपीआई (एम), आम आदमी पार्टी तथा अपना दल (एस) के पदाधिकारी उपस्थित रहे।































Comments