12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का दिया संदेश

लखीमपुर खीरी , 4

लखीमपुर खीरी।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विनोदिनी योग प्रेरणा केंद्र एवं आईएनओ लखीमपुर के संयुक्त तत्वावधान में सनातन बालिका विद्यालय, लखीमपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही, जिसके अनुरूप प्रतिभागियों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए योग के महत्व से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत 15 जून से 21 जून तक प्रतिदिन विशेष योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। समापन दिवस पर आयोजित सामूहिक योग सत्र का संचालन एवं नेतृत्व नेचुरोपैथी चिकित्सक डॉ. शालू गुप्ता ने किया। योगाभ्यास की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई, जिसके बाद सूक्ष्म क्रियाओं के अंतर्गत आकाशी मुद्रा एवं नेत्र सुरक्षा संबंधी योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।प्रतिभागियों को इन क्रियाओं के स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।योग सत्र में विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। वहीं योग साधिका निष्कर्ष द्वारा आयोजित हास्य योग ने प्रतिभागियों में उत्साह, आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, योग प्रेमियों एवं साधिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।समापन अवसर पर विनोदिनी योग प्रेरणा केंद्र की सरोजिनी दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सनातन बालिका विद्यालय की सह-प्रधानाचार्य डॉ. सीमा मिश्रा ने सभी साधिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विद्यालय प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।इस अवसर पर डॉ. शालू गुप्ता ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर और मन में अनेक परिवर्तन आते हैं, ऐसे में योग, प्राणायाम, ध्यान और संतुलित दिनचर्या स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और जीवन ऊर्जा को भी बढ़ाता है। योग के माध्यम से वृद्धावस्था को भी सुखद, स्वस्थ और ऊर्जावान बनाया जा सकता है।
प्रेरणादायी संदेशों एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top