लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का संबोधन...

लखनऊ , 5

लखनऊ: 30 मई 2026

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश भले ही समुद्री सीमा से दूर है, लेकिन नौसेना शौर्य वाटिका के माध्यम से प्रदेशवासियों को भारतीय नौसेना के अदम्य साहस, वीरता, पराक्रम और राष्ट्ररक्षा में उसके गौरवशाली योगदान को निकट से जानने और समझने का अवसर प्राप्त होगा।
श्री मौर्य आज लखनऊ में माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में जल सीमाओं के सजग प्रहरियों की वीरता, आधुनिक तकनीकी दक्षता और राष्ट्रसेवा को समर्पित नौसेना शौर्य वाटिका के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि देश की सुरक्षा एवं सैन्य विरासत से जुड़ी ऐसी महत्वपूर्ण परियोजना राजधानी में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि यह वाटिका युवाओं एवं नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देशसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।
श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय नौसेना ने देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नौसेना शौर्य वाटिका के माध्यम से लोगों को नौसेना के इतिहास, उपलब्धियों और वीर गाथाओं को जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने नौसेना शौर्य वाटिका की स्थापना के लिए रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह तथा भारतीय नौसेना के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति प्रत्येक भारतीय के हृदय में विद्यमान है और इस प्रकार के स्मारक एवं संग्रहालय युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top