*अंबेडकर महासभा में बाबा साहेब की अस्थियां, प्रतिमा और बुद्ध विहार हटाने की तैयारी के विरोध में संजय सिंह ने किया आंदोलन का ऐलान*

लखनऊ , 5

*"बाबा साहेब का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा" : संजय सिंह*

*"पंजाब निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा का पूरी तरह सफाया कर दिया" : संजय सिंह*

*"बिजली संकट योगी सरकार की नाकामी और निजी कंपनियों की लूट का परिणाम" : संजय सिंह*


*बिजली कटौती के खिलाफ 5 जून को पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी आप : संजय सिंह*


*"पेपर लीक पर चर्चा से भाग रही भाजपा, प्रयागराज से छात्र आंदोलन का होगा आगाज़" : संजय सिंह*


*1 जून को प्रयागराज में होगी पेपर लीक पर चर्चा" : संजय सिंह*


*"महंगाई और तेल संकट के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार" : संजय सिंह*

*लखनऊ, 29 मई 2026*

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकारों पर दलितों, पिछड़ों, युवाओं और आम जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर महासभा परिसर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अस्थि कलश, प्रतिमा और बुद्ध विहार को हटाने की तैयारी की जा रही है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करेगी। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत, प्रदेश में व्याप्त बिजली संकट, पेपर लीक के मामलों, बढ़ती महंगाई और तेल नीति को लेकर भाजपा सरकारों को कठघरे में खड़ा किया।

संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा शुरू से ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय की अवधारणा के विरोध में रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के सम्मान और अधिकारों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लखनऊ के 10 विधानसभा मार्ग स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर महासभा परिसर से बाबा साहेब के अस्थि कलश, प्रतिमा और बुद्ध विहार को हटाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

पंजाब निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए संजय सिंह ने कहा कि बैलेट पेपर से हुए चुनावों में जनता ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में अभूतपूर्व जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब तक घोषित परिणामों में 59 नगर पालिकाओं में से 41 पर आम आदमी पार्टी ने विजय प्राप्त की है जबकि भाजपा एक भी नगर पालिका में अध्यक्ष पद नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि 1977 वार्डों में से 1720 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें 842 वार्ड आम आदमी पार्टी की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने यह साबित कर दिया है कि वह अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान सरकार के कामों पर भरोसा करती है तथा भाजपा की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर चुकी है। उन्होंने इस विजय के लिए पंजाब की जनता, मुख्यमंत्री भगवंत मान, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, प्रभारी मनीष सिसोदिया और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश में जारी बिजली संकट पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश आज अंधकार में डूब चुका है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार को ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किया और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए महंगी बिजली तथा स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। संजय सिंह ने घोषणा की कि 5 जून को आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती और महंगी बिजली के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन करेगी।

युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक के बाद अब विभिन्न परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री परीक्षा पर चर्चा तो करते हैं लेकिन पेपर लीक पर चर्चा करने से बचते हैं। उन्होंने घोषणा की कि 1 जून को प्रयागराज में छात्रों, छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों को साथ लेकर "पेपर लीक पर चर्चा" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं लगेगा बल्कि युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए एक साझा मंच तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में हुई पेपर लीक घटनाओं का पूरा आंकड़ा छात्रों के सामने रखा जाएगा और एक बड़े छात्र आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

महंगाई और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों के घाटे का दावा भ्रामक है जबकि सरकारी आंकड़े तेल कंपनियों के बड़े मुनाफे की पुष्टि करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जनता के हितों की अनदेखी कर सरकार ने तेल नीति को भी कॉरपोरेट हितों के अनुरूप बना दिया है।

गौवंश संरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति के लिए गौ माता का नाम लेती है, जबकि वास्तविकता में गौवंश की दुर्दशा पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास गायों के लिए भूसा उपलब्ध कराने तक के संसाधन नहीं हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को लाखों करोड़ रुपये की रियायतें दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास भूसा उपलब्ध कराने के लिए धन नहीं है तो आम आदमी पार्टी स्वयं चंदा एकत्र कर सहयोग करने को तैयार है।

प्रेस वार्ता में मौजूद जनक प्रसाद ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा शुरू से ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के विरोध में रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाए तथा देश को समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अंबेडकर महासभा परिसर से अस्थि कलश, प्रतिमा और बुद्ध विहार को हटाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो दलित, पिछड़े और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले सभी लोग बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय और बाबा साहेब के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top