31 मई को तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त, पुलिस मुख्यालय में भावुक विदाई समारोह आयोजित

लखनऊ , 7

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा— सेवानिवृत्ति अंत नहीं, जीवन के नए अध्याय की शुरुआत; एल.वी. एंटनी देव कुमार, राकेश प्रकाश सिंह और मनी राम सिंह को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को एक भावुक एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 31 मई 2026 को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रन्थ) एल.वी. एंटनी देव कुमार, पुलिस महानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर राकेश प्रकाश सिंह तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक मानवाधिकार मुख्यालय मनी राम सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान अर्जित अनुभव, कार्यशैली और जीवन मूल्यों के आधार पर सेवानिवृत्त अधिकारी आगे भी समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने तीनों अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह में पुलिस महानिदेशक सीआईडी/साइबर क्राइम बी.के. सिंह, पुलिस महानिदेशक फायर सर्विसेज सुजीत पाण्डेय तथा पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी अखिलेश निगम ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए गए यादगार अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यक्षमता, अनुशासन और जनसेवा की भावना को मजबूत किया।

अपने संबोधन में एल.वी. एंटनी देव कुमार ने अपने 31 वर्ष से अधिक लंबे सेवाकाल की यात्रा को याद करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं राकेश प्रकाश सिंह ने पुलिस सेवा के दौरान मिली चुनौतियों और अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और विश्वास ने हर कठिन परिस्थिति में उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मनी राम सिंह ने भी अपने संबोधन में पुलिस सेवा से प्राप्त अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समयबद्धता की सीख को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन ने उन्हें बेहतर कार्य करने की निरंतर प्रेरणा दी।

तीनों अधिकारियों का रहा शानदार सेवाकाल

एल.वी. एंटनी देव कुमार तमिलनाडु के तिरूनेलवेली में 28 मई 1966 को जन्मे एल.वी. एंटनी देव कुमार वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने कार्मिक, सीबीसीआईडी, विशेष सुरक्षा बल और नियम एवं ग्रन्थ जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दीं। मार्च 2026 में उन्हें पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत किया गया। उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक (UNMIK) तथा राष्ट्रपति पुलिस पदक सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं।

राकेश प्रकाश सिंह आजमगढ़ में 15 मई 1966 को जन्मे राकेश प्रकाश सिंह वर्ष 1991 बैच के प्रांतीय पुलिस सेवा अधिकारी रहे, जिन्हें वर्ष 2015 में आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति मिली। 35 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्हें पुलिस पदक, डीजीपी सिल्वर प्रशंसा चिन्ह तथा डीजीपी गोल्ड प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जा चुका है।

मनी राम सिंह फैजाबाद (अयोध्या) में 5 मई 1966 को जन्मे मनी राम सिंह वर्ष 1994 बैच के पीपीएस अधिकारी रहे और वर्ष 2018 में आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नत हुए। उन्होंने राज्य पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया और 32 वर्षों से अधिक की सेवा के बाद मानवाधिकार शाखा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तीनों वरिष्ठ अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Comments

Back to Top