बुकिंग के बावजूद गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे लोग फोन भी नहीं उठा रहे कर्मचारी

लखीमपुर खीरी , 154

गोला गोकर्णनाथ, खीरी।
शहर में संचालित गैस एजेंसियों की अव्यवस्था और लापरवाही के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुकिंग के लिए जारी किए गए मोबाइल नंबरों पर फोन नहीं लग रहा है और जिन उपभोक्ताओं ने पहले से सिलेंडर बुक करा रखा है, उन्हें भी गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा। एजेंसी पर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को हर बार “सर्वर डाउन” होने का हवाला देकर वापस लौटा दिया जाता है।
मोहल्ला अर्जुन नगर कॉलोनी निवासी इकरार का कहना है कि उनका गैस सिलेंडर तीन दिन पहले ही बुक हो चुका है और उसके कागजात भी मौजूद हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। वह लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, मगर हर बार सर्वर डाउन बताकर टाल दिया जाता है।
इसी तरह ऊंची बोर निवासी दिलीप कश्यप ने बताया कि उन्होंने भी तीन दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था। जब वह त्रिलोक गिरी मार्ग स्थित प्रिया गैस एजेंसी पहुंचे तो वहां भी कर्मचारियों ने सर्वर न चलने की बात कहकर सिलेंडर देने से मना कर दिया।
खुटार रोड निवासी मोहम्मद इसरार अंसारी का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए नंबर पर वह लगातार कॉल और मैसेज कर रहे हैं, लेकिन न तो फोन उठाया जा रहा है और न ही उनकी बुकिंग हो पा रही है।
मुन्नूगंज निवासी सद्दाम ने बताया कि उनका सिलेंडर पहले से बुक है, लेकिन गोला गैस एजेंसी पहुंचने पर वहां बैठे मैनेजर ने साफ कह दिया कि सर्वर नहीं चल रहा है, इसलिए सिलेंडर नहीं दिया जा सकता।
वहीं सरकारपुर बांकेगंज रोड निवासी जावित्री देवी का आरोप है कि उनका सिलेंडर बुक होने के बावजूद एजेंसी से गैस नहीं दी जा रही। वह कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं में बढ़ रहा आक्रोश
लगातार हो रही इस परेशानी से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो रसोई गैस का संकट खड़ा हो सकता है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top