'मन की बात' समाज को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान , 38

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, जनजागरूकता और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने का एक ऐतिहासिक अभियान बन चुका है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक संबोधन में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े प्रेरणादायक व्यक्तित्वों, नवाचारों, सामाजिक प्रयासों और जनकल्याणकारी पहलों को देशवासियों के सामने लाते हैं। इससे आमजन को प्रेरणा मिलती है और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि 'मन की बात' ने देश के लाखों लोगों को समाजहित में कार्य करने, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसी अनेक पहल के लिए प्रेरित किया है।

कार्यक्रम के दौरान सांगानेर में आदिवासी समाज की महिलाओं ने भी प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर विधायक गोपीचंद मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद उपस्थित महिलाओं से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके लाभों पर भी चर्चा की।

Related Articles

Comments

Back to Top