रंगारंग कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, गोसाईगंज बना ओवरऑल चैंपियन

अन्य खबरे , 14

**139 अंक हासिल कर गोसाईगंज ने जीती चैंपियनशिप, 124 अंकों के साथ मोहनलालगंज रहा उपविजेता**
 
**लखनऊ।** राजधानी के चौक स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन रंगारंग कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन उच्च प्राथमिक स्तर की विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 139 अंकों के साथ गोसाईगंज ब्लॉक ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि 124 अंक प्राप्त कर मोहनलालगंज ब्लॉक उपविजेता रहा।
 
दूसरे दिन आयोजित बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में काकोरी ब्लॉक के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 100 मीटर दौड़ में काकोरी के उजैर, 200 और 400 मीटर दौड़ में आर्यन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, 600 मीटर दौड़ में मोहनलालगंज के प्रियांशु पंडित विजेता बने।
 
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गोसाईगंज की शगुन, 200 मीटर दौड़ में काकोरी की सबा तथा 400 और 600 मीटर दौड़ में गोसाईगंज की शगुन ने जीत दर्ज की। लंबी कूद के बालक वर्ग में गोसाईगंज के अमर और बालिका वर्ग में बीकेटी की मानसी विजेता रहीं। गोला फेंक में बालक वर्ग से गोसाईगंज के सौरभ और बालिका वर्ग से पलक यादव ने बाजी मारी। चक्र क्षेपण में बालक वर्ग के उजैर (काकोरी) तथा बालिका वर्ग में मोहनलालगंज की शशि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
 
शतरंज प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मलिहाबाद के उत्कर्ष मौर्य और बालिका वर्ग में गोसाईगंज की अनुष्का विजेता बनीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में लोकगीत एवं लोकनृत्य में गोसाईगंज ने जीत हासिल की, जबकि राष्ट्रीय एकांकी प्रतियोगिता में मोहनलालगंज की टीम विजेता रही।
 
टीम स्पर्धाओं में खो-खो के बालक वर्ग में काकोरी की टीम ने फाइनल मुकाबले में मोहनलालगंज को हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में मोहनलालगंज की टीम विजेता बनी। कबड्डी के बालक वर्ग में गोसाईगंज की टीम ने सरोजनीनगर को पराजित किया, जबकि बालिका वर्ग में नगर क्षेत्र की टीम ने फाइनल में काकोरी को हराकर जीत दर्ज की।
 
प्रतियोगिता की व्यक्तिगत चैंपियनशिप बालक वर्ग में काकोरी ब्लॉक के पीएम श्री विद्यालय, खुशहालगंज के उजैर ने जीती। वहीं, बालिका वर्ग में गोसाईगंज ब्लॉक के भट्टी बरकतपुर की शगुन व्यक्तिगत चैंपियन बनीं।
 
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) श्याम किशोर तिवारी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेलों के प्रति समर्पित रहने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
 
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top