दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से अहम बैठक, राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने पर बना रोडमैप

राजस्थान , 24

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के साथ ऊर्जा मंत्रालय की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लिया, जिसमें राजस्थान में ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को नई गति देने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान प्रदेश में संचालित सौर एवं पवन ऊर्जा सहित विभिन्न नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही भविष्य की विकास योजनाओं, नए निवेश, ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से ऊर्जा परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन, निवेश को प्रोत्साहन तथा प्रदेश में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल विकास सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी। इस बैठक को राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राज्य को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Comments

Back to Top