प्रतापगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: धोलापानी थानाधिकारी 2.87 लाख रुपये रिश्वत राशि के साथ डिटेन

राजस्थान , 22

Anti Corruption Bureau Rajasthan ने प्रतापगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धोलापानी थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार चारण को कथित रिश्वत राशि के साथ डिटेन किया है। एसीबी टीम ने आरोपी पुलिस अधिकारी के कब्जे से 2 लाख 87 हजार 150 रुपये बरामद किए हैं। मामले के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर डूंगरपुर इकाई ने यह कार्रवाई गुरुवार को की। एसीबी महानिदेशक पुलिस Govind Gupta ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि परिवादी के भाई के खिलाफ धोलापानी थाने में दर्ज दुष्कर्म मामले में मदद करने, मारपीट नहीं करने तथा परिवादी के पिता को मामले में नहीं फंसाने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में डूंगरपुर इकाई ने पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार चारण एक निजी वाहन से यात्रा कर रहे थे। एसीबी टीम ने निम्बाहेड़ा हाईवे स्थित नरसिंहपुरा टोल नाके पर वाहन रुकवाकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से 2,87,150 रुपये की नकद राशि बरामद हुई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी पुलिस निरीक्षक इस राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें तत्काल डिटेन कर लिया गया।

मामले की जांच एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस Smita Srivastava के सुपरवीजन में जारी है। एसीबी टीम आरोपी के सरकारी आवास और क्वार्टर की भी तलाशी ले रही है। ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Comments

Back to Top