*बदलते राजस्थान में प्रवासी राजस्थानी भी निभाएं अपनी सक्रिय भूमिका*

राजस्थान , 31

*प्रवासी राजस्थानियों ने उद्यमशीलता की बदौलत*

*देश-विदेश में बनाई अपनी अलग पहचान*


*राज्य सरकार हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध*
_*- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा*_

गुवाहाटी/जयपुर, 11 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी उद्यमशीलता से देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। राजस्थानी जहां भी रहते हैं, अपनी परम्परा, संस्कृति और मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में बसे राजस्थानियों का यही जुड़ाव राजस्थान को ताकत प्रदान करता है। 

मुख्यमंत्री ने सोमवार को गुवाहाटी में राजस्थान फाउंडेशन के असम नॉर्थ ईस्ट चैप्टर की ओर से आयोजित अभिनंदन एवं स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवासी राजस्थानी, विशेषकर मारवाड़ी समाज सामाजिक दायित्वों और परिश्रम के माध्यम से जन्मस्थली राजस्थान और कर्मभूमि असम को सम्पन्नता की ओर ले जाने में महती भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार 23 से 25 मई तक जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026 का आयोजन करने जा रही है। इसमें हजारों किसान एवं पशुपालक, देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, तकनीकी जानकार, कृषि प्रसंस्करण उद्योगपति, स्टार्टअप एवं एग्रीटेक डेवलपर सम्मिलित होंगे। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को इस महत्वाकांक्षी आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बिजली, पानी से जूझता राजस्थान आज बदल रहा है। सभी जिलों में बिजली व पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, कृषि, उद्योग और पर्यटन क्षेत्रों में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों का आह्वान करते हुए कहा कि बदलते राजस्थान में वे भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानी समाज को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन को अधिक सक्रिय बनाया गया है ताकि देश के कोने-कोने में बसे प्रवासी राजस्थानियों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। 

इस अवसर पर राजस्थान फाउण्डेशन के असम नॉर्थ ईस्ट चैप्टर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी उपस्थित रहे। 
-----

Related Articles

Comments

Back to Top