राजस्थान में एसीबी का बड़ा एक्शन: 40 हजार की रिश्वत लेते पटवारी प्रमोद सामरिया रंगे हाथ गिरफ्तार

राजस्थान , 44

पैतृक जमीन के बंटवारे की रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले मांगी थी 1 लाख की घूस, पहली किस्त लेते ही एसीबी ने दबोचा

जयपुर/भिवाड़ी। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा तहसील अंतर्गत भैसलाना पटवार हल्के के पटवारी प्रमोद सामरिया को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी चौकी भिवाड़ी की टीम ने की।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता की पैतृक जमीन के बंटवारे का मामला पिछले 5-6 वर्षों से एसडीएम कोर्ट में लंबित था। एसडीएम कोर्ट ने 20 जून 2025 को परिवादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए संबंधित पटवारी प्रमोद सामरिया को कुरेजात रिपोर्ट तैयार कर निर्धारित समय में पेश करने के निर्देश दिए थे।
आरोप है कि पटवारी ने रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले परिवादी से 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की और लंबे समय तक उसे परेशान करता रहा।
एसीबी ने 29 अप्रैल 2026 को शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोलभाव के बाद 80 हजार रुपये में सौदा तय किया और रकम तीन किश्तों में लेने पर सहमति जताई। पहली किश्त के तौर पर 40 हजार रुपये लेना तय हुआ था।
इसके बाद एसीबी चौकी भिवाड़ी ने उपमहानिरीक्षक पुलिस भुवन भूषण यादव के सुपरवीजन तथा चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल, उप अधीक्षक पुलिस (टीएलओ) के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने आरोपी पटवारी प्रमोद सामरिया को परिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Comments

Back to Top