राजस्थान संपर्क पोर्टल पर नई सुविधा, अब शिकायत निस्तारण की एटीआर व्हाट्सएप पर मिलेगी

राजस्थान , 60

जयपुर, 23 जनवरी। नागरिकों की सुविधा बढ़ाने और शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब राजस्थान संपर्क शिकायत निवारण पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण के बाद उनकी एटीआर (Action Taken Report) सीधे शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
जन अभियोग निराकरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री दिनेश कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत शिकायत के निस्तारण के पश्चात संबंधित विभाग द्वारा की गई कार्यवाही की एटीआर एक व्हाट्सएप लिंक के जरिए सीधे शिकायतकर्ता को भेजी जाएगी। इससे शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी सरल, त्वरित और दस्तावेजी रूप में प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत अब शिकायतकर्ता विभाग द्वारा की गई कार्यवाही पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपना फीडबैक भी दे सकेगा, जिससे शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि व्हाट्सएप के जरिए एटीआर साझा करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और इसे चरणबद्ध रूप से प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इस पहल से न केवल शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि शिकायतकर्ताओं को समय पर कार्रवाई की जानकारी भी सुनिश्चित होगी।
राज्य सरकार राजस्थान संपर्क पोर्टल को नागरिकों के लिए अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर नवाचार कर रही है, ताकि आमजन को त्वरित और भरोसेमंद शिकायत निवारण सुविधा उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Comments

Back to Top