सिरोही से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले—पेपरलीक और घोटालों के दोषी किसी भी हाल में नहीं बख्शे जाएंगे
राजस्थान Jan 22, 2026 at 06:25 PM , 53सिरोही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिरोही में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों के उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने वर्ष 2019 में आयोजित परीक्षाओं की ओएमआर शीट में कथित बदलाव का आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला अब केवल अफसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी गूंज पूर्व मुख्यमंत्री के आवास तक पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनके पीएसओ की भूमिका पर भी सबकी नजर है और इस विषय पर पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपना “चश्मा बदलवाना चाहिए”, ताकि उन्हें राजस्थान में हो रहा विकास दिखाई दे सके।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश के कई इलाकों में हालात ऐसे थे कि पलायन के पोस्टर लगाए जाते थे और लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता था। उन्होंने बताया कि इन परिस्थितियों से निपटने के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में अशांत क्षेत्र कानून लाने का निर्णय लिया है, जिससे कांग्रेस बौखलाई हुई है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हमेशा झूठ की राजनीति करती रही है और अब एसआईआर के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान लगातार पेपरलीक की घटनाएं सामने आती थीं, जबकि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ बोलने के लिए बोलते हैं, उन्हें यह भी पता नहीं होता कि वे क्या कह रहे हैं और किस विषय पर बयान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल है और प्रदेश की जनता को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान जहां-जहां घोटाले हुए हैं और युवाओं के साथ धोखा किया गया है, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।






_page-0001.jpg)
























Comments