जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ा एक्शन: 29 सिलेंडर जब्त, कई उपकरण बरामद
राजस्थान Mar 18, 2026 at 09:05 PM , 56जयपुर। शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है। अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर सहित कई उपकरण जब्त किए हैं।
मुख्य सचिव और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया। इन दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
प्रताप नगर और भांकरोटा में कार्रवाई
पुलिस थाना प्रताप नगर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा हुआ। मौके से 15 घरेलू और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, बांसुरी (फिलिंग पाइप) तथा रेगुलेटर व रबर पाइप जब्त किए गए।
इसी तरह, भांकरोटा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 14 घरेलू गैस सिलेंडर और एक रेगुलेटर मय रबर पाइप बरामद किया गया।
“ऑपरेशन प्रवर्तन” के तहत सख्ती
यह कार्रवाई जिला प्रशासन के “ऑपरेशन प्रवर्तन: सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान के तहत की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अभियान से न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, बल्कि शहर में एलपीजी की सुरक्षित और सुचारू आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी।






_page-0001.jpg)
























Comments