राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) पर रिकॉर्ड प्रदर्शन: शिकायत निस्तारण में संतुष्टि 80% के पार

राजस्थान , 168

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में राजस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य की ‘राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181)’ के माध्यम से लोक शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
मार्च 2026 में शिकायत निस्तारण के प्रति नागरिक संतुष्टि का स्तर 80 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वाधिक (ऑल टाइम हाई) है। यह आंकड़ा पिछले माह के 69.54 प्रतिशत के मुकाबले उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।
राज्य सरकार लोक शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं कई बार हेल्पलाइन का निरीक्षण कर चुके हैं और शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के स्पष्ट निर्देश भी दिए हैं। हाल ही में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने भी हेल्पलाइन केंद्र का दौरा कर शिकायतकर्ताओं से संवाद किया।
वरिष्ठ अधिकारी कर रहे सीधा संवाद
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों के प्रभारी सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे 4 मार्च से 28 अप्रैल के बीच निर्धारित तिथियों पर हेल्पलाइन केंद्र पर उपस्थित होकर शिकायतकर्ताओं से सीधे बात करें। इसके तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव से लेकर शासन सचिव स्तर तक के अधिकारी नियमित रूप से कॉल पर संवाद कर फीडबैक ले रहे हैं।
इस पहल से शिकायतों की सुनवाई, तथ्यात्मक समीक्षा और समाधान की गुणवत्ता में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
तकनीक से कम हुई दूरी
मुख्य सचिव ने बताया कि ‘राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181)’ ने ‘नेक्स्ट जेन जनसंपर्क’ के रूप में तकनीक के जरिए आम नागरिक और सरकार के बीच की दूरी को काफी कम किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसमें लगातार सुधार किए जा रहे हैं, जिससे शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन रही है।
रिकॉर्ड स्तर पर निस्तारण
24 फरवरी 2026 को हेल्पलाइन पर एक ही दिन में 25,254 शिकायतों का निस्तारण कर नया रिकॉर्ड बनाया गया। उल्लेखनीय है कि उस दिन कुल 11,788 शिकायतें ही दर्ज हुई थीं, जिससे स्पष्ट है कि लंबित मामलों को तेजी से निपटाया जा रहा है।
वहीं, औसत निस्तारण अवधि घटकर 7 दिन रह गई है, जो तेज और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाता है।
राजस्थान सरकार का यह प्रयास नागरिकों की आवाज को सीधे शासन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का घर बैठे समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 181, राजस्थान संपर्क पोर्टल या मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top