जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: पटवारी और सहयोगी 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
राजस्थान Mar 12, 2026 at 04:35 PM , 60जयपुर, 12 मार्च 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम प्रतिहारी निवासी अशोक कुमार शर्मा तथा पटवारी विक्रम बुनकर शामिल हैं, जो पटवार हल्का झर के साथ अतिरिक्त चार्ज मानसर खंडी, तहसील बस्सी, जिला जयपुर ग्रामीण में कार्यरत है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी कृषि भूमि का सह-खातेदारों के बीच आपसी सहमति से विभाजन कराने के लिए पटवारी को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि इस कार्य को करने के बदले पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग कर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के निर्देशन में एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सिहाग के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी अशोक कुमार शर्मा और पटवारी विक्रम बुनकर को परिवादी से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






_page-0001.jpg)
























Comments