केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं की समीक्षा: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समय सीमा में निधि उपयोग के दिए निर्देश
राजस्थान Mar 12, 2026 at 05:15 PM , 43जयपुर, 12 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाली सहायता राशि का उपयोग तय समय-सीमा के भीतर किया जाना चाहिए, ताकि राज्य को केंद्र से निधि का हस्तांतरण निरंतर मिलता रहे और विकास योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ महिला, युवा, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के उत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास में इन योजनाओं की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं में प्राप्त निधि का समय पर उपयोग सुनिश्चित होने से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक राहत और सुविधाएं पहुंचती हैं। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रगति और लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि योजनाओं के तहत केंद्र से मिलने वाली अपेक्षित राशि को जारी कराने के प्रयासों में तेजी लाई जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), चिकित्सा शिक्षा, स्वायत्त शासन, स्कूल शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा समेकित बाल विकास सेवाएं विभागों के अंतर्गत संचालित विभिन्न केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं की वित्तीय प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






_page-0001.jpg)
























Comments