आत्मनिर्भर समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव: अमित शाह अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन में केंद्रीय गृह मंत्री का संबोधन

राजस्थान , 152

जोधपुर/जयपुर, 10 जनवरी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि समाज की आत्मनिर्भरता और सामाजिक आयोजनों से देश मजबूत बनता है। सामाजिक संगठनों की शक्ति जब राष्ट्रहित में लगती है, तो समाज और देश दोनों को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र सहयोग के संकल्प को निरंतर चरितार्थ किया है। यह समाज अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए सदैव देश की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ता रहा है।
श्री शाह शनिवार को जोधपुर के पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, देश की उत्पादन क्षमता बढ़ाने और स्वभाषा के प्रयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाषा समाज, संस्कृति और धर्म को जीवंत बनाए रखती है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग अपने परिवार और परिचितों से स्वभाषा में संवाद करें, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सके।
2047 तक भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज़ादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है। इस संकल्प को देशवासियों ने सामूहिक लक्ष्य के रूप में अपनाया है। प्रधानमंत्री द्वारा 75वें वर्ष से 100वें वर्ष तक अमृत काल मनाने की पहल की गई है, जिससे भारत विश्व के शीर्ष राष्ट्रों में स्थान प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंची है और देश शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। निर्यात दोगुना हुआ है, चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनी है, मैन्युफैक्चरिंग में 70 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है तथा डिजिटल ट्रांजैक्शन में भारत विश्व में अग्रणी बना है। मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि स्टार्टअप, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है।
माहेश्वरी समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान
श्री शाह ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने आत्मनिर्भरता, उद्योग और आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मैन्युफैक्चरिंग, ट्रेडिंग और तकनीक के क्षेत्र में समाज ने प्रगतिशीलता का परिचय दिया है। माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
विकसित भारत के लक्ष्य में माहेश्वरी समाज की भूमिका अहम: ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि राजस्थान शौर्य, पराक्रम और उद्यमशीलता की भूमि है। माहेश्वरी समाज भगवान महेश के आदर्शों से प्रेरित होकर सेवा, समर्पण और त्याग को अपनी पहचान बनाए हुए है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज़ादी के बाद के राष्ट्र निर्माण तक समाज का योगदान सराहनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है, तब नवाचार, तकनीक और उद्यमशीलता के माध्यम से समाज की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सामाजिक समरसता, सामूहिक संकल्प और कठिन परिश्रम के साथ समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
सेवा, त्याग और सदाचार माहेश्वरी समाज की पहचान: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन और ग्लोबल एक्सपो मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की भावना का सशक्त उदाहरण हैं। यह आयोजन समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज भारत के प्राचीन और प्रतिष्ठित व्यापारिक समुदायों में से एक है, जो ‘देश प्रथम’ के सिद्धांत को आत्मसात किए हुए है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में समाज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। एकता, संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता और समाज सेवा की भावना इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से देश सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में शांति और कानून व्यवस्था के पीछे केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का दृढ़ नेतृत्व है। नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई हो या कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, हर निर्णय में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है। आतंकवाद के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति से देश अधिक सुरक्षित हुआ है।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि माहेश्वरी समाज भारत माता के प्रति पूर्णतः समर्पित है और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संदेश भी पढ़कर सुनाया।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने माहेश्वरी समाज को समर्पित डाक टिकट जारी किया तथा माहेश्वरी गौरव ग्रंथ और जैविक खेती पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही अपना घर आश्रम के प्रथम चरण का वर्चुअल लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई, राज्यसभा सांसद श्री राजेन्द्र गहलोत, विधायक श्री अतुल भंसाली, श्री देवेन्द्र जोशी सहित अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी महासभा के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top