जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक 3.80 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

राजस्थान , 62

जयपुर, 27 फरवरी 2026।
राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक को 3,80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर नगर-द्वितीय इकाई ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक, वृत्त जयपुर-पश्चिम, जयपुर के पद पर कार्यरत है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी को शिकायत प्राप्त हुई थी कि आरोपी ने परिवादी की पुश्तैनी जमीन के तकासमा (राजस्व संबंधी) कार्य को करने के एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और इसके लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान पाया गया कि आरोपी ने पहले परिवादी से 20,000 रुपये प्राप्त किए तथा शेष 4 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई। इनमें से 1 लाख रुपये स्वयं के लिए तथा 3 लाख रुपये उपखण्ड अधिकारी, जयपुर-प्रथम के लिए लेने की बात सामने आई।
आज 27 फरवरी 2026 को श्री भूपेन्द्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में तथा पुलिस निरीक्षक श्री छोटीलाल की टीम द्वारा ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी अनिल कुमार को परिवादी से 3,80,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन तथा महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमाला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top