भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से काम कर रही सरकार : गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म

राजस्थान , 90

जयपुर, 19 फरवरी। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। गुरुवार को विधानसभा परिसर में गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी की सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार को किसी भी विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार की सूचना मिलती है, वहां संबंधित एजेंसियों द्वारा तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में सामने आए जल जीवन मिशन घोटाले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की गई, जिसमें कई अधिकारियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। जो आरोपी अब तक जांच एजेंसियों की पकड़ में नहीं आ सके हैं, उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए गए हैं ताकि कोई भी दोषी देश छोड़कर भाग न सके।

उन्होंने बताया कि जांच एजेंसियां अपने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत कार्य कर रही हैं और जिन व्यक्तियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य प्राप्त होंगे, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि किसी भी विभाग में, किसी भी स्तर पर यदि भ्रष्टाचार पाया जाता है तो उसकी परतें खोली जाएंगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top