राजस्थान ACB की बड़ी कार्रवाई: कनिष्ठ सहायक के 5 ठिकानों पर छापा, 76 लाख नकद और भारी संपत्ति बरामद

राजस्थान , 87

जयपुर, 13 फरवरी 2026।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत राज विभाग के कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार (छींपा) के पांच ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया। कार्रवाई में लगभग 76 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोना-चांदी, कई आलीशान मकान, भूखंड और कृषि भूमि बरामद होने की पुष्टि हुई है।
ACB मुख्यालय जयपुर को मिली गोपनीय शिकायत में आरोप था कि शुभकरण परिहार, जो वर्तमान में ग्राम पंचायत उदट, पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में पदस्थापित हैं (पूर्व में ग्राम पंचायत कानासर), ने अपनी वैध आय से कहीं अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की है। सत्यापन के दौरान पाया गया कि आरोपी ने अपनी वैध आय से लगभग 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति जुटाई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
5 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
उपमहानिरीक्षक भूवन भूषण यादव के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और आशीष कुमार के नेतृत्व में टीमों ने बीकानेर शहर, आरोपी के गांव पुनरासर तथा ग्राम पंचायत कानासर (जिला फलोदी) सहित कुल पांच स्थानों पर तड़के सर्च कार्रवाई की।
अब तक की बरामदगी
मातेश्वरी एन्क्लेव कॉलोनी, वैष्णोधाम (बीकानेर) स्थित मकान से करीब 76 लाख रुपये नकद बरामद।
बीकानेर के दो ठिकानों से करीब 1 किलो 500 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी बरामद।
बीकानेर शहर में तीन आलीशान मकान और दो भूखंड।
गांव पुनरासर में एक मकान और दो भूखंड।
करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि।
वाहन: एक स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट कार, एक बोलेरो कैंपर, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक हीरो मोटरसाइकिल।
करोड़ों रुपये के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज।
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। ब्यूरो ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top