जयपुर में पेंशन घोटाला: एएओ राजेश खण्डेलवाल 10 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़े

राजस्थान , 94

जयपुर, 09 फरवरी 2026।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पेंशन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर के लालकोठी स्थित पेंशन विभाग में पदस्थापित एएओ (द्वितीय) श्री राजेश कुमार खण्डेलवाल को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर यह कार्रवाई एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ द्वारा की गई। आरोपी को परिवादी से रिश्वत की राशि प्राप्त करते समय हिरासत में लिया गया, जिसकी पुष्टि के बाद रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार, परिवादी के पिता की मृत्यु के बाद उसकी माता को पूर्ण पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था। आरोप है कि उक्त पेंशन प्रकरण को पूरा करने के एवज में आरोपी एएओ द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत तथा पूर्व के एरियर भुगतान के लिए एरियर राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा गया था।
दिनांक 19 जनवरी 2026 को की गई मांग के सत्यापन के पश्चात एसीबी ने आज ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें आरोपी ने परिवादी से 10,000 रुपये की रिश्वत ली और तत्काल पकड़ लिया गया।
यह कार्रवाई एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक (द्वितीय) श्री आनंद शर्मा के सुपरवीजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानप्रकाश नवल के नेतृत्व में, पुलिस निरीक्षक श्री रामजी लाल एवं टीम द्वारा की गई।
एसीबी महानिरीक्षक श्री सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top