भरतपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 23,400 रुपये रिश्वत लेते दो कनिष्ठ अभियंता रंगे हाथों गिरफ्तार

राजस्थान , 47

जयपुर, 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार)।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भरतपुर ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए 23,400 रुपये रिश्वत लेते हुए दो कनिष्ठ अभियंताओं को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में धीरेन्द्र श्रीवास्तव, कनिष्ठ अभियंता (सिविल) मुख्यालय तथा राकेश कुमार गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता, कुम्हेर ब्लॉक (संविदा कर्मी), कार्यालय एडीपीसी समग्र शिक्षा, भरतपुर शामिल हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान, जयपुर के महानिदेशक श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादी द्वारा कराए गए कार्यों के संबंध में जमा कराई गई सुरक्षा जमा राशि (एसडी) लौटाने की एवज में दोनों अभियंता 7.1 प्रतिशत के हिसाब से कुल 23,400 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे तथा परिवादी को लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में तथा श्री अमित सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी भरतपुर के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को 23,400 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस श्री राजेश सिंह के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top