एनसीसी विद्यार्थियों के चरित्र और राष्ट्रभक्ति को गढ़ने वाला संगठन : राज्यपाल हरिभाऊ बागडे

राजस्थान , 55

जयपुर, 6 फरवरी।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) को विद्यार्थी जीवन को गढ़ने वाला संगठन बताते हुए कहा कि यह केवल अनुशासित और राष्ट्र-प्रतिबद्ध सैन्य प्रशिक्षण से जुड़ा संगठन ही नहीं है, बल्कि आपदा के समय देश सेवा में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में राजस्थान के एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
राज्यपाल श्री बागडे शुक्रवार को लोकभवन में दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट्स के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के चरित्र निर्माण के साथ-साथ उनमें सेवा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने वाला संगठन है। एक बार जो युवा एनसीसी से जुड़ जाता है, वह जीवनभर राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहता है। राज्यपाल ने कैडेट्स से देश को समृद्ध और सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा ने एनसीसी को चरित्र निर्माण की पाठशाला बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस संगठन के सुदृढ़ीकरण और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कैडेट्स से आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इससे पूर्व राज्यपाल श्री बागडे ने एनसीसी के विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त कैडेट्स—सीनियर अंडर ऑफिसर मोनिका, सलोनी यादव, नमन चौधरी, आयुषी जैन तथा अंडर ऑफिसर युवराज राठौड़—को लोकभवन में सम्मानित किया और उन्हें उपहार प्रदान किए। कर्नल श्री नितिन ने गणतंत्र दिवस परेड में राजस्थान के एनसीसी कैडेट्स द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रदर्शन की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री कुलदीप रांका एवं राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी मनमोहक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियां दीं। बिड़ला बालिका विद्यापीठ, पिलानी की छात्राओं ने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत मधुर धुनों को बैंड पर प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top