*मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही नई गति*

राजस्थान , 12

*सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक कृषि के प्रोत्साहन से अन्नदाता का हो रहा कल्याण*

 

*भाजपा सरकार के 34 माह में ही ग्रामीण विकास के नए कीर्तिमान स्थापित,*

*पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पूरे कार्यकाल को कई गुना पीछे छोड़ा*

 

जयपुर, 22 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसान कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण, पशुपालन, आधारभूत ढांचे और राजस्व ग्रामों के विकास जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति दी है। योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पहले 34 माह के साथ-साथ पूरे पांच वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को कई गुना तक पीछे छोड़ बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

 

*नहरी तंत्र से सृजित सिंचाई सुविधा में पौने तीन गुना तक वृद्धि*

प्रदेश में किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में भाजपा सरकार ने 34 माह में 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में नहरी तंत्र से सृजित सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है, जबकि कांग्रेस सरकार के पहले 34 माह में यह आंकड़ा 35 हजार 909 हेक्टेयर तथा पांच वर्ष में 52 हजार 182 हेक्टेयर था। इस प्रकार वर्तमान सरकार ने कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल की तुलना में लगभग पौने तीन गुना अधिक क्षेत्र में नहरी सिंचाई सुविधा सृजित की है। भाजपा सरकार ने पाइपलाइन पर अनुदान देकर अब तक के कार्यकाल में 98 हजार 753 किसानों को लाभान्वित किया है, जबकि इस दौरान पूर्ववर्ती सरकार के समय में केवल 67 हजार 410 किसान ही लाभान्वित हुए। 

 

*ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर से मिल रहा कृषि को प्रोत्साहन*

जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार ने ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया है। इन प्रणालियों की स्थापना के माध्यम से अब तक 3 लाख 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को लाभान्वित किया गया है। वहीं, कांग्रेस सरकार के 34 महीनों में 29 हजार 609 हेक्टेयर और पांच वर्ष में 1 लाख 83 हजार हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित हुआ था। इस प्रकार भाजपा सरकार ने कांग्रेस के पांच वर्ष की तुलना में लगभग 1.7 गुना उपलब्धि हासिल की है। वहीं, किसानों को दिए जाने वाले अनुदान में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान सरकार के पहले 34 माह में ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर प्रणालियों पर 1 हजार 304 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के पूरे पांच वर्ष में यह राशि 842 करोड़ ही रही।

 

*खेतों की सुरक्षा पर विशेष जोर, 445 लाख मीटर तारबंदी*

फसलों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाने के उद्देश्य से खेतों की तारबंदी योजना को भी गति दी गई है। भाजपा सरकार ने पहले 34 माह में 445 लाख मीटर तारबंदी कराई, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में यह आंकड़ा 113 लाख मीटर रहा। इस प्रकार तारबंदी के क्षेत्र में वर्तमान सरकार की उपलब्धि कांग्रेस के पांच वर्ष की तुलना में लगभग चार गुना है। किसानों को तारबंदी के लिए दिए गए अनुदान में भी बड़ा अंतर सामने आया है। भाजपा सरकार 34 माह में 511 करोड़ रुपये का अनुदान दे चुकी है, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में यह राशि 113 करोड़ रुपये पर ही सीमित रही थी। यह किसानों की फसल सुरक्षा और कृषि लागत के बोझ को कम करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

*फार्म पॉण्ड से वर्षा जल संचयन बढ़ा, लागत कम*

राज्य सरकार ने खेतों में वर्षा जल संग्रहण और सिंचाई के लिए जल उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से फार्म पॉण्ड निर्माण को प्रोत्साहित किया है। इससे किसानों की लागत में भी कमी आई है। भाजपा सरकार के पहले 34 माह में 35 हजार 893 फार्म पॉण्ड बनाए गए, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 29 हजार 430 फार्म पॉण्ड का निर्माण हुआ। इसी प्रकार राज्य सरकार फार्म पॉण्ड के लिए किसानों को 369 करोड़ रुपये का अनुदान दे चुकी है, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में यह राशि 202 करोड़ रुपये थी। 

 

पानी की बचत और सिंचाई दक्षता बढ़ाने के लिए फव्वारा सिंचाई संयंत्रों पर भी निरंतर अनुदान दिया जा रहा है। राज्य सरकार के पहले 34 माह में इस मद में 393 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 238 करोड़ रुपये दिए गए थे। 

 

*सोलर पम्प सेट से किसानों को ऊर्जा के वैकल्पिक साधन*

कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सोलर पम्प सेट की स्थापना पर भी सरकार ने ध्यान केंद्रित किया है। इसी का परिणाम है कि राज्य सरकार ने 34 माह में 67 हजार 408 सोलर पम्प सेट स्थापित किए हैं। वहीं, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 63 हजार 140 सोलर पम्प सेट स्थापित हुए थे।

 

*10 लाख 91 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस स्थापित*

किसानों की आय में वृद्धि और आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार के लिए संरक्षित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। 34 माह के कार्यकाल में भाजपा सरकार 10 लाख 91 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस स्थापित कर चुकी है। जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में यह क्षेत्रफल 8 लाख 60 हजार वर्ग मीटर था। इसी प्रकार शेडनेट हाउस निर्माण के लिए किसानों को दिए जाने वाले अनुदान में भी बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में कुल 15.78 करोड़ रुपये के विरुद्ध भाजपा सरकार पहले 34 माह में 45 करोड़ रुपये का अनुदान दे चुकी है। 

 

*पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार*

राजस्थान की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राज्य सरकार ने पशु चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। इसी क्रम में भाजपा सरकार में 55 बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नयन हुआ है, जबकि कांग्रेस सरकार के 34 माह में इस श्रेणी में एक भी क्रमोन्नयन नहीं हुआ। इसी प्रकार, वर्तमान सरकार 117 पशु चिकित्सालयों को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत कर चुकी है। जिसकी तुलना में कांग्रेस सरकार ने पहले 34 माह में केवल तीन ही पशु चिकित्सालयों को क्रमोन्नत किया था।

-----

Related Articles

Comments

Back to Top