*मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के कार्यों की सराहना*

राजस्थान , 24

*अध्यक्ष सीए डॉ रामावतार किला
प्रवासी राजस्थानी संवाद में शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में दिल्ली चैप्टर की सामाजिक पहलों को किया प्रस्तुत*

नीति गोपेन्द्र भट्ट 

नई दिल्ली/जयपुर, 16 अक्टूबर 2026। 
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान फाउंडेशन के दिल्ली चैप्टर के कार्यों की सराहना की है ।

प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि के विकास से जोड़ने और उनके सामूहिक योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रवासी राजस्थानी संवाद में राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष सीए डॉ. रामावतार किला ने शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में दिल्ली चैप्टर की सामाजिक पहलों को प्रस्तुत किया। 

कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन मंच पर उपस्थित थे। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वीडियो कॉल के माध्यम से राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश में कार्यरत विभिन्न चैप्टर्स के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। 
इस कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन के कुल 26 चैप्टर्स (भारत के 14 एवं 12 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तथा कार्यक्रम स्थल पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सहभागिता की। ऑस्ट्रेलिया, केन्या, गुवाहाटी, मुंबई, सूरत और भुवनेश्वर सहित विभिन्न चैप्टर्स से जुड़े प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनके प्रयासों और गतिविधियों की जानकारी ली तथा इन प्रयासों को राजस्थान के विकास से जोड़ने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “राजस्थान शक्ति और भक्ति की धरती है।” उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश का सबसे बड़ा ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए कहा कि वे निरंतर अपने प्रयासों से राजस्थान की पहचान को देश और दुनिया में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने राजस्थान की बेहतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रदेश के विकास में प्रवासी राजस्थानियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

संवाद में राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. आर. ए.किला और उनकी 15 सदस्यीय टीम के साथ ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष सीए डॉ रामावतार किला ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की। उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़े रहने के महत्व को रेखांकित करते हुए सामाजिक सेवा को प्रवासी राजस्थानियों की जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रवासी समुदाय अपनी क्षमताओं और संसाधनों का उपयोग अपनी मातृभूमि के विकास तथा समाज के कल्याण के लिए कर सकता है।

इस अवसर पर राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के सचिव कनिष्क यादव तथा अनीश किला भी उपस्थित रहे। सचिव यादव ने दिल्ली चैप्टर की ओर से किए जा रहे कार्यों और पहलों की जानकारी साझा की। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुपर 30 जैसी पहल, स्वास्थ्य के क्षेत्र में संजीवनी मेडिकल सेवा के अंतर्गत जरूरतमंद कैंसर मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने तथा दिल्ली में राजस्थान से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए एम्स एवं सफदरजंग हॉस्पिटल के पास ठहरने और भोजन की व्यवस्था जैसे मानवीय प्रयासों का उल्लेख किया।

डॉ किला ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे मरीजों और उनके परिवारों को सहयोग देना चैप्टर के सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के दौरान दवाइयों की उपलब्धता के साथ-साथ मरीजों के परिजनों के रहने और खाने की व्यवस्था उनके लिए बड़ी राहत का माध्यम बनती है।

उन्होंने संस्कृति के क्षेत्र में राजस्थान की भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव प्रवासी राजस्थानियों की पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ राजस्थान की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के कार्यों की सराहना ने प्रदेश के विकास में प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया है । सीए डॉ. रामावतार किला के नेतृत्व में राजस्थान फाउंडेशन का दिल्ली चैप्टर देश की राजधानी और निकटवर्ती क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण के माध्यम से राजस्थान के साथ अपने जुड़ाव को सशक्त बनाने तथा जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
—-

Related Articles

Comments

Back to Top