अध्यक्ष RSRTC एवं प्रमुख शासन सचिव ने किया राजस्थान सम्पर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का औचक निरीक्षण—
राजस्थान Oct 12, 2026 at 09:05 PM , 21शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश,
लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई,
वीडियो कॉल के माध्यम से परिवादियों से सीधा संवाद कर जानी समस्याएं
जयपुर, 12 अक्टूबर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के अध्यक्ष एवं प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग श्री भवानी सिंह देथा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान सम्पर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित जनशिकायतों की स्थिति, उनके निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री देथा ने कहा कि राजस्थान सम्पर्क 181 हेल्पलाइन आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान एवं राहत उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रमुख शासन सचिव ने विभाग की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए संतुष्टि प्रतिशत एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शेष लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परिवादियों को वास्तविक राहत मिल सके।
श्री देथा ने विभाग में प्राप्त विभिन्न श्रेणियों की शिकायतों का विषयवार विश्लेषण किया। उन्होंने समस्त यात्रियों, विशेषकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने अथवा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले बस चालकों, कंडक्टरों एवं संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने समस्त यात्रियों के साथ शालीनता से व्यवहार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा प्रकरण की गंभीरता के अनुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की निगरानी करने तथा माह में एक बार संपर्क कॉल सेंटर पर आकर सुनवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बसों में समय-सारणी के साथ किराया तालिका अंकित की जाए तथा लाइसेंस व परमिट आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसके अतिरिक्त, एआई (AI) का उपयोग करके शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉल से परिवादियों से किया सीधा संवाद—
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव श्री देथा ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने वाले परिवादियों से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संवाद किया। उन्होंने परिवादियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच एवं त्वरित समाधान के निर्देश दिए। प्रमुख शासन सचिव ने जोधपुर डिपो की बस में अभद्र व्यवहार की शिकायत, अलवर-जयपुर मार्ग पर बस चालक की लापरवाही की जांच, ड्राइविंग लाइसेंस एवं आरसी संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान सहित विभिन्न समस्यों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्थान सम्पर्क 181 हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्री देथा ने संबंधित क्षेत्रीय एवं जिला परिवहन अधिकारियों (RTO/DTO) को इन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि परिवादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
शिकायतों का हुआ निस्तारण—
समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 11 अक्टूबर 2026 तक विभाग में कुल 49,645 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 48,244 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1401 शिकायतें लंबित हैं। विभाग की संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण की समयावधि में कमी आई है, जबकि आवेदकों के संतुष्टि स्तर में बढ़ोतरी हुई है।
———






_page-0001.jpg)
























Comments