*मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने किया ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन*

राजस्थान , 27

*प्रदेश मुख्यालय में नव निर्मित सेवा संकल्प सभागार का किया उद्घाटन*

*मुख्यमंत्री ने कहा - ग्राम विकास संकल्प पत्र से सशक्त होंगे गांव*

जयपुर, 11 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पंचायतीराज चुनाव के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच विकास का संकल्प पत्र लेकर चुनाव में जाती है। विधानसभा चुनाव के पहले हम संकल्प पत्र लेकर जनता के बीच गए थे, इसी प्रकार निकाय चुनाव पहले भी संकल्प पत्र जारी किया था। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव के बाद हमने निकायों में 100 दिन के विकास कार्यों पर रोडमैप तैयार किया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है, जिससे योजनाओं का पूरा लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभार्थियों के खाते में पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि शहर जैसी सुविधाएं गांवों में मिलने से ग्रामीण शहरों की ओर पलायन नहीं करेगे, इसके लिए ग्राम विकास का रोडमैप बनाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण गांव के विकास और आवश्यकताओं के सुझाव जरूर दें। हमारी सरकार भी बजट से पहले किसान, पशुपालक, युवा, महिलाओं और उद्यमियों को बुलाकर उनके सुझाव लेती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में पीएचसी, सीएचसी और सब सेंटर की आवश्यकता का ध्यान रखा गया है। युवाओं के लिए ग्राम पंचायत में खेल के मैदान बनाए जाएंगे, जिससे प्रतिभाओं को अवसर मिले और वे राजस्थान का नाम रोशन करें। अच्छी शिक्षा और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ई-लाइब्रेरी, ई-मित्र सुविधा युक्त अटल ज्ञान केंद्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 हजार अटल ज्ञान केंद्रों की घोषणा की थी, जिसके तहत अब तक 650 केंद्र बनकर तैयार हो गए हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राजस्थान को चार महत्वपूर्ण जल परियोजनाएं मिली हैं। जिसका लाभ किसान सहित बड़ी ग्रामीण आबादी को मिलेगा। राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना से प्रदेश में जलापूर्ति की सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि देश में पहले जो सरकारें रहीं, उन्होंने गांव, निकाय के विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं के बारे में नहीं सोचा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान चलाया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर में सुधार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी हम काम कर रहे हैं। नमो नर्सरी विकसित की जा रही हैं। वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को 9 हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है, जिसे 12,000 तक ले जाया जाएगा। घुमंतु, अर्धघुमंतु को आवासीय पट्टे दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जरूरतमंदों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की मदद के लिए मोबाइल वेटरनरी वेन चलाई जा रही हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के स्पष्ट विजन के साथ विकसित गांव -समृद्ध राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित गांव विकसित भारत का आधार है। ग्राम विकास संकल्प पत्र गांवों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा, युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में वन स्टेट-वन इलेक्शन का सफल क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे बार-बार चुनाव पर होने वाला खर्च कम होगा और जनप्रतिनिधि पांच वर्ष तक निरंतर विकास कार्य कर सकेंगे। 

इस दौरान प्रदेश प्रभारी श्री संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजेय कुमार, सह प्रदेश प्रभारी श्री कुलदीप सिंह चहल, श्रीमती कविता पाटीदार सहित वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top