कांग्रेस सांसदों ने आज दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा
राष्ट्रीय Dec 08, 2020 at 04:16 PM , 616नई दिल्ली। तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग कर रहे आंदोलनकारी किसानों का समर्थन कर रहे पंजाब के कई कांग्रेस सांसदों ने आज दूसरे दिन भी जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा। 26 नवंबर से दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-यूपी सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में ये सांसद कल सुबह से ही धरने पर बैठे हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू, कुलबीर सिंह जीरा, जसबीर सिंह गिल और गुरजीत सिंह औजला आज मध्य दिल्ली में विरोध स्थल पर मौजूद थे। औजला ने ट्वीट कर कहा, हम कल सुबह से यहां बैठे हैं।
किसानों को सपोर्ट करना हमारी जिम्मेदारी है .. हमने देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान प्रधान मंत्री के सभी निर्देशों का पालन किया है लेकिन अब जबकि किसान सड़कों पर बैठे हैं, इसलिए कृपया ‘भारत बंद’ के आह्वान पर किसानों को एक दिन के लिए अपना समर्थन जरूर दें। उन्होंने आगे लिखा, खडूर साहिब के सांसद जसबीर सिंह गिल और लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने जंतर-मंतर पर सुबह की चाय पर प्रेस वार्ता की।
सांसद संसद के ‘शीतकालीन सत्र’ की भी मांग कर रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने दावा किया कि सरकार इसे लेकर जानबूझ कर देरी कर रही है। अमृतसर से कांग्रेस सांसद औजला ने कहा कि जब किसान दिल्ली पहुंचे, तो उन्हें दिल्ली-हरियाणा सीमा पर रोक दिया गया। उन्हें रामलीला मैदान या जंतर मंतर जाने की अनुमति नहीं दी गई लिहाजा उन्हें इस तरह दिल्ली की सीमाओं पर अपना विरोध जारी रखना पड़ा।
पंजाब के विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेता दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए यहां आ रहे हैं। कई राजनीतिक दलों ने किसानों को अपना समर्थन दिया है। किसानों ने कानूनों के विरोध में आज ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है।



























Comments