*नोएडा में सपा नेता वीर सिंह यादव, सुनील चौधरी, रेशपाल अवाना और दीपक विग गिरफ्तार -*

हेडलाइंस , 341

नई दिल्ली। 

किसानों के भारत बंद (Bharat Band) को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने समर्थन दिया है। जिसको ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस (Gautam Buddh Nagar Police) ने सोमवार की देर रात ही नोएडा में समाजवादी पार्टी के नेताओं को उनके घरों में नजर बंद कर दिया है। इन लोगों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है और घरों से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। पुलिस कमिश्नरेट से मिली जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष वीर सिंह यादव, पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी, महानगर अध्यक्ष (ग्रामीण) रेशपाल अवाना और महानगर अध्यक्ष दीपक विग, श्याम सिंह भाटी को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। इनके साथ शहर में करीब 30 और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद करके रखा गया है।


गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने जिले में लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य है। लोग निसंकोच होकर अपने दैनिक कामकाज में रत रहें। किसी भी तरह की गड़बड़ी या गतिविधियों से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जिले में यातायात निर्बाध रूप से चल रहा है। सभी बाजार सामान्य रूप से खुले हैं। पुलिस ने हालात पर नियंत्रण रखने के लिए ऐसे लोगों को हिरासत में लिया है, जो कानून व्यवस्था को खराब कर सकते हैं। जिले में अब तक कहीं भी विरोध प्रदर्शन की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात रखा गया है। पुलिस कमिश्नर ने कहा, "किसी भी असामाजिक तत्वों से कड़ाई के साथ निपटा जाएगा। पूरे जिले में निषेधाज्ञा लागू है। जिसका पुलिस सख्ती से पालन करवा रही है।"


दूसरी ओर शहर के सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में पुलिस की टुकड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं। मेट्रो स्टेशन, बस अड्डा और चौराहों पर सामान्य आवागमन है। मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा और ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी के करीब 100 पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को उनके घरों में नजरबंद किया गया है। दूसरी ओर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव को भी हाउस अरेस्ट किया गया है। सभी लोगों के घरों और कार्यालयों के बाहर सोमवार की देर रात ही पुलिस तैनात कर दी गई थी। मंगलवार की सुबह से किसी को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top