राष्ट्रीय स्तर की तीन मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी बनाने के केन्द्र के निर्णय पर सहकारिता मंत्री ने जताया आभार

अन्य खबरे , 362

राष्ट्रीय स्तर की तीन मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी बनने से सहकारिता क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा 

इस निर्णय से ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना भी पूर्ण होगी
-श्री जेपीएस राठौर
लखनऊ: 14 जनवरी, 2023
प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जेपीएस राठौर ने बताया कि केन्द्र की कैबिनेट द्वारा राष्ट्रीय स्तर की मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव बीज सोसाइटी, मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक सोसाइटी एवं मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट सोसाइटी बनाने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए श्री राठौर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केन्द्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का आभार जताया है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि यह निर्णय सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देगा, जिससे देश एवं प्रदेश के किसानों एवं गरीबों के आर्थिक उन्नयन में सहायक सिद्ध होगा तथा ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना भी पूर्ण होगी। श्री राठौर ने कहा कि सहकारिता ऐसा क्षेत्र है जो करोड़ों लोगों तक पहुंच रखते हुए उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि मल्टी स्टेट कोआपरेटिव बीज सोसाइटी किसानों को गुणवत्ता वाले बीजों के उत्पादन, खरीद, ब्रांडिंग, पैकेजिंग व उन्हें बेचने में मदद करेगी व नये रिसर्च एंड डेवलपमेंट में भी सहायता करेगी। इस सोसाइटी के माध्यम से जो देशी प्राकृतिक बीज विलुप्त हो रहें हैं उनके संरक्षण की व्यवस्था भी की जा सकेगी।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक सोसाइटी दुनिया में बढ़ रही ऑर्गेनिक उत्पादों की माँग को पूरा करने में प्रदेश के किसानों को असीमित अवसर प्रदान करेगी तथा इससे ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मल्टी स्टेट कोआपरेटिव एक्सपोर्ट सोसाइटी देश एवं प्रदेश की लगभग 8.45 लाख समितियों से जुड़ उनके उत्पादों को विश्वभर में बेचने, उनकी क्षमताओं को बढ़ाने व उन्हें एक सफल व्यावसायिक उद्योग बनाने में मदद करेगी। इससे किसानों की आय में तो वृद्धि होगी ही साथ ही रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही साथ प्रदेश के उत्पादों का अन्यत्र निर्यात होने से प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सहयोग प्रदान करेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top