प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में बाजरा खरीद की अवधि आगामी 15 दिनों के लिए बढ़ाते हुए 12 जनवरी, 2023 तक की गयी -खाद्य आयुक्त, श्री सौरभ बाबू

अन्य खबरे , 423

प्रदेश में अब तक 42.52 लाख मी0टन धान की खरीद कर ली गयी


किसानों के बैंक खातों में सीधे किया गया 6969.00 करोड़ रूपये का भुगतान


पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी, 2023 एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी, 2023 तक धान की खरीद की जायेगी
लखनऊ।


प्रदेश के खाद्य आयुक्त श्री सौरभ बाबू ने बताया कि धान खरीद वर्ष 2022-23 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत प्रदेश में 70.00 मी0टन क्रय लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 42.52 लाख मी0टन धान की खरीद 6.74 लाख किसानों से हुई है, जो कि लक्ष्य का लगभग 61 प्रतिशत है। गतवर्ष में इसी अवधि तक 42.38 लाख मी0टन की खरीद हुई थी। क्रय धान के सापेक्ष रू0 6969.00 करोड़ का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में प्रेषित कराया गया है।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में खाद्य एवं रसद विभाग की विपणन शाखा, पी0सी0एफ0, पी0सी0यू0, यू0पी0एस0एस0, यू0पी0एस0एफ0सी0, मण्डी परिषद, उत्तर प्रदेश एवं भारतीय खाद्य निगम द्वारा 4431 क्रय केन्द्र संचालित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी, 2023 एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी, 2023 तक धान की खरीद की जायेगी। इस वर्ष धान कामन का समर्थन मूल्य रू0 2040 प्रति कुं0 एवं धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य रू0 2060 प्रति कुं0 निर्धारित किया गया है।
श्री सौरभ बाबू ने बताया कि इस वर्ष मोटे अनाज के अन्तर्गत प्रदेश में पहली बार खाद्य एवं रसद विभाग की विपणन शाखा द्वारा 18 जनपदों में 15 अक्टूबर, 2022 से 15 दिसम्बर, 2022 तक 106 क्रय केन्द्र संचालित कर बाजरा की खरीद की गयी। इस वर्ष बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य रू0 2350 प्रति कुं0 निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित क्रय लक्ष्य 50 हजार मी0टन के सापेक्ष 42.95 हजार मी0टन बाजरे की खरीद की गयी तथा 8452 किसानों को लाभान्वित किया गया व उनके खाते में रू0 90.15 करोड़ का भुगतान प्रेषित कराया गया।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि अधिकाधिक किसानों को मूल्य समर्थन योजना का लाभ प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में बाजरा खरीद की अवधि आगामी 15 दिनों के लिए बढ़ाते हुए 12 जनवरी, 2023 तक बाजरा खरीद की जायेगी। उन्होंने बताया कि सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारियों व सम्बन्धित अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर बढ़ी हुई अवधि में समस्त क्रय केन्द्र संचालित कराते हुए अधिकाधिक बाजरे की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी कर दिये गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top