वोटों की गिनती की पूरी तैयारी बिहार में वोटों की गिनती आज

राष्ट्रीय , 670

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरण में हुए मतदान के नतीजे मंगलवार को आएंगे। चुनाव आयोग ने वोटों की गिनती की पूरी तैयारी कर ली है। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा और आधे घंटे में रूझान आने लगेंगे। दोपहर 12 बजे तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि बिहार में नई सरकार किसकी बन रही है। वैसे मतदान के आखिरी चरण के बाद आए एक्जिट पोल अनुमानों के मुताबिक बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को बढ़त है और पूर्ण बहुमत के साथ उसकी सरकार बन सकती है। बिहार के अलावा देश के 11 राज्यों की 56 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती भी मंगलवार को होगी।

बहरहाल, बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस की वजह से इस बार वोटों की गिनती की रफ्तार थोड़ी धीमी होगी क्योंकि मतगणना केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का खास ख्याल रखा गया है। इसके बावजूद दोपहर 12 बजे तक सभी सभी 243 सीटें का रूझान लोगों के सामने होगा। आखिरी नतीजा आते-आते रात का एक बज सकता है। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने जाएंगे और फिर साढ़े आठ बजे इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन, ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी।

बताया जा रहा है कि इस बार नतीजे आने में कोरोना का असर नजर आएगा। इस बार एक लाख छह हजार से ज्यादा बूथ बनाए गए थे, जबकि 2015 में 65 हजार 367 बूथ थे। बूथों की संख्या करीब 63 फीसदी बढ़ने से ईवीएम की संख्या भी बढ़ गई। लिहाजा वोटों की गिनती के लिए ज्यादा राउंड चलेंगे। इसका असर नतीजों पर पड़ेगा और नतीजा घोषित होने में वक्त लग सकता है। बहरहाल, तीन चरण में इस बार कोरोना वायरस के बावजूद 2015 के मुकाबले थोड़े ज्यादा वोट पड़े हैं। इस बार पिछले चुनावों की तरह ही सीधा मुकाबला भाजपा गठबंधन और महागठबंधन के बीच है।

Related Articles

Comments

Back to Top