अदभुत ताल:हिमांचल का चंद्रताल

परिवेश , 837

चंद्रताल हिमाचल प्रदेश की एक आकर्षक झील है, जो लाहौल-स्पीति जिले के अंतर्गत समुद्र तल से 4250 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. इस झील का आकार अर्धचांद की तरह है, इसलिए इसका नाम चंद्रताल पड़ा यानी चांद की झील. यह एक साफ पानी की झील है, जिसका पानी शीशे की तरह चमकता है और पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है. माना जाता है कि झील का यह क्षेत्र कभी स्पीति और कुल्लू जाने वाले तिब्बत और लद्दाखी व्यापारियों का महत्वपूर्ण स्थल हुआ करता था. लेकिन अब यह झील पूरे विश्व को अपनी ओर आकर्षित करती है.चन्द्र ताल का व्यास लगभगढाई किलोमीटर है तथा झील के चारों ओर विशाल मैदान हैं, जो कि वसंत/गरमी के मौसम में कई प्रकार की वनस्पति व जंगली फूलों से भर जाता है. चरवाहे इसे चरागाहों के रूप में प्रयोग करते हैं और पर्यटक कैंप लगाने के लिए. झील के बीचों बीच एक टापू भी है, जिसे समुद्र टापू कहा जाता है. बता दें कि चंद्रताल झील पवित्र मानी जाती है. यहां पर नहाने में मनाही है. आज तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह कितनी गहरी है. ऐसे में यहां पर नहाना जान को जोखिम में डालने के बराबर है. अगस्त 2020 में भी यहां पर मनाली का 19 साल का युवक डूब गया था. झील में उतरने पर मनाही को लेकर यहां साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं.यहां साल भर एडवेंचर के शौकीनों का आवागमन लगा रहता है. इस झील से एक पौराणिक किवदंती भी जुड़ी है, माना जाता है कि यह वो स्थान है जहां भगवान इंद्र के रथ ने युधिष्ठिर को उठाया था, युधिष्ठिर पांच पांडवों में से सबसे बड़े थे.

चूंकि यह एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां साल भर सैलानियों का आवागमन लगा रहता है. अगर आप रोमांच का शौक रखते हैं, तो यहां किसी भी समय आ सकते हैं. वैसे यहां आने का सही समय जून से अक्टूबर तक का माना जाता है. यहां सर्दियों के दौरान मौसम काफी प्रतिकूल हो जाता है, और बर्फीले तूफान का खतरा रहता है. सितंबर महीने के दौरान झील की खूबसूरती दुगनी हो जाती है, आप इस दौरान यहां आ सकते हैं.
चंद्रताल की यात्रा आपके लिए कई मायनों में खास हो सकती है. यह एक आकर्षक झील है, जिसका चमचमाता पानी पर्यटकों को काफी ज्यादा आनंदित और रोमांचित करता है. यह झील पहाड़ियों और बर्फीली चोटियों से घिरी है, जो आपको काफी ज्यादा उत्साहित करने का काम करेंगी. इसके अलावा चंद्रताल लेक साहसिक ट्रेकिंग के लिए भी जानी जाती है. दूर-दूर से ट्रैवलर यहां ट्रेकिंग का रोमांच भरा आनंद लेने के लिए आते हैं. हैम्पटा पास से चंद्रताल एक प्रसिद्ध ट्रेक है. इस मार्ग में सफर के दौरान आप शानदार पहाड़ी आकर्षणों का आनंद ले सकते हैं. झील के आसपास आप कैंपिग का आनंद भी ले सकते हैं.
चंद्रताल झील की खूबसूरती का आनंद लेने के अलावा आप लाहौल स्पीति के अन्य स्थलों की सैर का प्लान बना सकते हैं. आप चंद्रताल से की मठ, कुंजुम पास, सूरज ताल झील, पिन वैली नेशनल पार्क, धनकर मठ, किब्बर, ताबो मठ, त्रिलोकीनाथ मंदिर, धनकर झील आदि स्थलों की सैर का आनंद ले सकते हैं.
चंद्रताल झील ट्रेकर्स और कैंपर्स के लिए एक प्रसिद्ध जगह है. झील तक आप बाटल या कुंजुम पास से पैदल मार्ग के जरिए पहुंच सकते हैं. इसके अलावा मोटर बाइक के जरिए भी आप बाटल से यहां तक पहुंच सकते हैं .कुंजुम से चंद्रताल का सफर लगभग 2 घंटों का है. आप सूरज ताल से भी यहां आ सकते हैं. कुल्लू मनाली यहां का निकटवर्ती हवाईअड्डा है, रेल मार्ग के लिए आपको जोगिंदर नगर रेलवे स्टेशन का सहारा लेना पड़ता है .

Related Articles

Comments

Back to Top