यूपी पीसीएस एसोसिएशन में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: अध्यक्ष व महासचिव के दायित्व बदले, सितंबर में होगी एजीएम और नई कार्यकारिणी का चुनाव
अन्य खबरे Jul 05, 2026 at 05:25 PM , 19लखनऊ। उत्तर प्रदेश पीसीएस (कार्यकारी शाखा) एसोसिएशन की कार्यकारिणी की 3 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में संगठन के संचालन और आगामी चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से अंतरिम व्यवस्था लागू करते हुए अध्यक्ष और महासचिव के दायित्वों का पुनर्वितरण किया तथा सितंबर माह में वार्षिक आमसभा (एजीएम) बुलाकर नई कार्यकारिणी के गठन का फैसला किया।
एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संघ के निवर्तमान अध्यक्ष और महासचिव आईएएस संवर्ग में प्रोन्नत हो चुके हैं, जबकि एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष सेवानिवृत्त हो गए हैं। इन परिस्थितियों में संगठन के तीन प्रमुख पद रिक्त हो गए थे। ऐसे में कार्यकारिणी ने संविधान के प्रावधानों के अनुरूप अंतरिम व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया।
बैठक में तय किया गया कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व भूषण मिश्र अंतरिम अवधि में अध्यक्ष के दायित्व निभाएंगे, जबकि संयुक्त सचिव डॉ. सृष्टि धवन महासचिव का कार्यभार संभालेंगी।
कार्यकारिणी ने यह भी निर्णय लिया कि एक माह की नोटिस अवधि तथा सावन, कांवड़ यात्रा और अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों को देखते हुए एजीएम सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। संगठन का मानना है कि इस अवधि में एजीएम कराने से प्रदेशभर के सदस्यों की भागीदारी प्रभावित हो सकती है।
नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही एक निर्वाचन समिति गठित की जाएगी। समिति में वर्ष 2013 से अब तक के प्रत्येक बैच तथा प्रत्येक मंडल से एक-एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाएगा। साथ ही यह प्रयास भी किया जाएगा कि भविष्य में आईएएस संवर्ग में प्रोन्नति के कारण बार-बार ऐसी स्थिति न बने और न्यूनतम स्तर (संभव हो तो वर्ष 2014 बैच या उसके बाद) के अधिकारी ही कार्यकारिणी के लिए दावेदारी प्रस्तुत करें।
एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं का भी खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी के निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं और संगठन की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह अंतरिम व्यवस्था आवश्यक है। विज्ञप्ति में कहा गया कि संविधान और संगठन की परंपरा के अनुरूप ही यह निर्णय लिया गया है तथा यही संघ का आधिकारिक और अंतिम निर्णय माना जाएगा।
इस प्रकार पीसीएस एसोसिएशन ने संगठनात्मक स्थिरता बनाए रखते हुए सितंबर में नई कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ कर दिया है।



























Comments