दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी
हेडलाइंस Oct 24, 2020 at 10:33 PM , 421नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा होने लगा है। शुक्रवार को 24 घंटे में संक्रमितों की संख्या चार हजार का आंकड़ा पार कर गई। शुक्रवार को दिल्ली में 4,086 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या तीन लाख 48 हजार 404 पहुंच गई। दिल्ली में पिछले महीने भी हर दिन चार हजार से ज्यादा केसेज आ रहे थे। लेकिन उसके बाद जब केसेज कम हुए तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर का पीक आकर चला गया। लेकिन अब फिर एक बार केसेज तेजी से बढ़ रहे हैं। तो क्या दिल्ली में यह तीसरी लहर है?
बहरहाल, शुक्रवार को देर रात तक देश भर में 51 हजार 56 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 78 लाख नौ हजार 746 पहुंच गई। पूरे देश में 512 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या एक लाख 17 हजार 848 हो गई। देर रात तक असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड सहित कुछ राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद संक्रमितों और मरने वालों की संख्या थोड़ी बढ़ सकती है।
सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शुक्रवार को 7,347 नए केसेज मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 16 लाख 32 हजार 544 हो गई। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 2,298 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार लाख 30 हजार 962 हो गई।
दक्षिण के राज्यों में अब सबसे तेजी से कर्नाटक में मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को 5,356 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या सात लाख 93 हजार 907 हो गई। इसी तरह केरल में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। केरल में शुक्रवार को 8,511 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 76 हजार 835 हो गई। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को 3,765 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या आठ लाख 684 हो गई। तमिलनाडु में शुक्रवार को 3,057 केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख तीन हजार 250 हो गई।
ओड़िशा में शुक्रवार को 1,793 नए मामले आए और बिहार में 1,093 नए संक्रमित मिले। राजस्थान में 1,815 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 82 हजार 570 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 77 लाख 61 हजार 312 थी, जिसमें से एक लाख 17 हजार 306 लोगों की मौत हो चुकी है।
पूरी दुनिया में संक्रमण के आंकड़ों का नया रिकार्ड बन रहा है। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया में पांच लाख से ज्यादा मामले आए। शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में पांच लाख 50 हजार से ज्यादा नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार करोड़ 21 लाख 72 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में छह हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 11 लाख 44 हजार से ऊपर पहुंच गई।
उधर लगभग पूरा यूरोप एक बार फिर कोरोना वायरस की चपेट में है। जिस तरह मई-जून में यूरोप में हाहाकार मचा था, उससे मिलती-जुलती स्थिति बन गई है। हालांकि इस बार लोगों के मरने की दर बहुत कम है पर संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। फ्रांस में गुरुवार को 24 घंटे में 42 हजार नए केसेज आए। इटली में एक दिन में 19 हजार से ज्यादा केसेज आए तो जर्मनी में भी 24 घंटे में नौ हजार से ज्यादा मामले आए हैं। बेल्जियम में 16 हजार से ज्यादा मामले आए हैं तो नीदरलैंड में भी एक दिन में संक्रमितों की संख्या 10 हजार के आंकड़े तक पहुंच गई। पोलैंड में भी 13 हजार से ज्यादा केसेज आए हैं।
दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 85 हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 86 लाख 75 हजार से ऊपर पहुंच गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 1,137 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 28 हजार 577 हो गया।
दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या में औसत के थोड़ी ज्यादा बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 30 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 53 लाख 32 हजार से ज्यादा हो गई। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 503 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 55 हजार 962 हो गई।
दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में पिछले एक महीने से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को पहली बार 24 घंटे में 17 हजार से ज्यादा मामले आए। रूस में 24 घंटे में 17,340 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 14 लाख 80 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 25,535 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।




























Comments