शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा का सत्र स्थगित
हेडलाइंस Aug 20, 2020 at 12:50 PM , 373लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बीच आज उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन दिवंगत सदस्यों, गलवानी घाटी में शहीद जवानों व कोरोना वॉरियर्स के निधन पर शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे से वन्देमातरम के साथ शुरू हुई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के मंत्री रहे चेतन चौहान व कमल रानी वरुण और विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही और पारस नाथ यादव के निधन पर शोक जताया।
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तरप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे व मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन समेत सदन के 20 पूर्व सदस्यों को भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान चीन से संघर्ष में गलवान घाटी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों और कोरोना काल में लोगों की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले कोरोना योद्धाओं के प्रति भी शोक संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों की तरफ से ललई यादव, बसपा दल के नेता लालजी वर्मा, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सुहेलदेव, भारतीय समाज पार्टी के ओमप्रकाश राजभर और अपना दल के नील रतन पटेल ने भी सभी दिवंगतों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अपने-अपने दल की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भी श्रद्धांजलि देते हुए सभी दिवंगत नेताओं एवं अन्य को याद किया। उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त भी किया कि सदन की तरफ से सभी दिवंगतों के परिजनों के पास शोक संवेदना भेजी जाएगी। अंत में शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए दो मिनट का मौन धारण किया गया। फिर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
उधर, विधान परिषद में भी पहले दिन शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद सदन की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। उप्र विधान मंडल का मॉनसून सत्र 24 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान 22 और 23 अगस्त को शनिवार और रविवार के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।



























Comments