*अब तक 45534 व्यापारियों का जीएसटी पंजीयन हुआ है, गत सप्ताह में 7000 से अधिक पंजीयन हुए*
अन्य खबरे Jan 03, 2022 at 08:55 PM , 385*व्यापारियों में जीएसटी पंजीयन के प्रति जागरूकता लाने हेतु अब तक 7321 कैम्प, 7569 गोष्ठी/सेमिनार व 615 मेगा सेमिनार आयोजित किये गये हैं*
*उत्तर प्रदेश में जीएसटी के अन्तर्गत पंजीकृत व्यापारियों की कुल संख्या करीब 17 लाख है जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है*
लखनऊ: 03 जनवरी , 2022
मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश में जीएसटी डीलर-बेस बढ़ाए जाने हेतु व्यापारियों का जीएसटी में पंजीयन कराए जाने के निर्देशों के क्रम में उ0प्र0 वाणिज्य कर विभाग द्वारा 08 नवम्बर, 2021 से प्रदेश में ’’पंजीयन जागरूकता अभियान’’ संचालित है।
कमिश्नर वाणिज्य कर श्रीमती मिनिस्ती एस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पंजीयन जागरूकता अभियान के अन्तर्गत व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन से मिलने वाले लाभ यथा निःशुल्क प्रीमियम राशि पर रू0 10 लाख की दुर्घटना बीमा योजना, माल खरीद पर विक्रेता द्वारा वसूल किये गये कर का आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ, बिना कार्यालय आए ऑनलाइन पंजीकरण, ई-वे बिल, कर की अदायगी एवं विवरणी दाखिल करने की व्यवस्था से अवगत कराते हुए योग्य/इच्छुक व्यापारियों का जीएसटी में पंजीयन कराया जा रहा है।
कमिश्नर वाणिज्य कर ने बताया कि व्यापारी कल्याण बोर्ड के मा0 अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/सदस्यगणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अभियान की सफलता में उल्लेखनीय योगदान किया जा रहा है। प्रिन्ट/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, होर्डिंग्स, बैनर, पम्पलेट, सिनेमाघर/मल्टीप्लेक्स, इलेक्ट्रॉनिक डिसप्ले व यू-टयूब आदि माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। व्यापारियों में जीएसटी पंजीयन के प्रति जागरूकता लाने हेतु कैम्प, गोष्ठी/सेमिनार व मेगा सेमिनार भी आयोजित कराए जा रहे हैं। अभी तक 7321 कैम्प, 7569 गोष्ठी/सेमिनार व 615 मेगा सेमिनार आयोजित किये गये हैं जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया है।
कमिश्नर वाणिज्य कर द्वारा बताया गया कि व्यापारी बन्धुओं द्वारा अभियान की सफलता में सराहनीय योगदान किया जा रहा है जिसके परिणामस्वरूप 8 नवम्बर, 21 से अभी तक 45534 व्यापारियों का जीएसटी पंजीयन हुआ है। गत सप्ताह में 7000 से अधिक पंजीयन हुए हैं। इस अवधि में अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु प्रदेश के सभी नगरीय कस्बों में प्रमुख मार्गों व बाजारों में 4500 से अधिक होर्डिंग्स भी लगायी गयी।
कमिश्नर वाणिज्य कर द्वारा यह भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश में जीएसटी के अन्तर्गत पंजीकृत व्यापारियों की कुल संख्या करीब 17 लाख है जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है।



























Comments