सखियों के साथ अटखेलियाँ खेल सीता को ले चले श्री राम
अन्य खबरे Dec 09, 2021 at 09:24 PM , 331अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के विभिन्न मठ मंदिरों में राम विवाह उत्सव का उल्लास चरम पर है और विवाह पंचमी के अवसर पर अयोध्या के राम और जनकनंदिनी सीता के विवाह उत्सव के बाद मांगलिक कार्यक्रमों की कड़ी में भगवान श्री राम का कलेवा कार्यक्रम किया गया। जिसमे दुल्हा बने भगवान श्री राम और तीनो भाइयो को छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण कराया गया और विवाह परम्परा के अनुसार सभी बारातियों की उपहार के साथ विदाई की गयी इस मौके पर अयोध्या के मंदिर जनकपुर की भूमिका में रहे और बारातियों की विदाई परम्परागत गारी गायन किया गया।अयोध्या के मंदिरों में चल रहे इस महा आयोजन के मौके पर दूल्हा रामजी तो रूठे नहीं लेकिन उन्हें मनाने का उपक्रम करते हुए संतो ने गारी सुनाते हुए गाया कि ‘दूल्हा माने न मनाए मांगे मोटर साइकिल घड़िया, मोसे मांगे सोहन के मनमोहन बड़े अखड़िया, जब लौ नाहीं नेग चुकाहिहौं, खाऊंन राबरिया.’। इससे पहले श्रीरामचरित मानस की परम्परा में आयोजित उत्सव में ‘पुनि जेवनार भई बहु भांति, पठए जनक बोलाए बराती.’ की भावना के क्रम में विभिन्न मंदिरों में हनुमानबाग व जानकी महल समेत अन्य में विराजमान भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। वहीं श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण हुआ।
रामवल्लभा कुंज में आयोजित कुंवर कलेवा के अवसर पर सखियों ने दूल्हा सरकार के साथ खूब अटखेलियां की और उनकी आवभगत भी की। इस दौरान सखी बिमलाबिहारी शरण ने दूल्हा सरकार को बुझनि-बुझाते हुए उन्हें हराने का प्रयास किया लेकिन दूल्हा सरकार ने अपने स्नेह भरे उत्तर से उन्हें निरुत्तर ही नहीं किया बल्कि नेग में मिथिलावासियों का प्रेम मांग कर उनका भी दिल जीत लिया।



























Comments